ElectionsLucknow CityUttar Pradesh

UP MLC Election : BJP का ‘एक-एक वोट’ प्लान, पन्ना प्रमुख से कॉल सेंटर तक एक्टिव मोड, पंकज चौधरी ने दिया ये टारगेट

अवध क्षेत्र की बैठक में प्रदेश अध्यक्ष ने बूथ स्तर तक चुनाव प्रबंधन मजबूत करने के निर्देश दिए, हर मतदाता से व्यक्तिगत संपर्क, पन्ना प्रमुख व्यवस्था और मतदान के दिन वोट सुनिश्चित कराने पर जोर

लखनऊ, 26 सितंबर 2026:

यूपी विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी ने शिक्षक एवं स्नातक विधान परिषद चुनाव को लेकर संगठनात्मक तैयारियां तेज कर दी हैं। शनिवार को राजधानी लखनऊ में अवध क्षेत्र के पार्टी पदाधिकारियों और प्रमुख नेताओं के साथ प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी और प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने चुनावी तैयारियों की समीक्षा की। बैठक में रणनीति से लेकर मतदाता संपर्क, बूथ और पोलिंग सेंटर प्रबंधन तथा मतदान प्रतिशत बढ़ाने की योजना पर मंथन हुआ।

बैठक में संगठन की तैयारियों को अंतिम रूप देते हुए बूथ स्तर तक प्रभावी चुनाव प्रबंधन सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया। प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि अब चुनाव की अंतिम मोर्चेबंदी का समय है और हर कार्यकर्ता को पूरी ताकत के साथ मैदान में उतरना होगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिन कार्यकर्ताओं के पास मतदाता फॉर्म भरे हुए हैं, उन्हें तत्काल जमा कराया जाए। नामांकन से ठीक एक दिन पहले तक मतदाता फॉर्म जमा किए जा सकते हैं।

‘हर मतदाता तक व्यक्तिगत पहुंच बनाएं’

पंकज चौधरी ने कहा कि शिक्षक और स्नातक विधान परिषद चुनाव महज चुनावी प्रक्रिया नहीं है अपितु प्रदेश के शिक्षित, बुद्धिजीवी और स्नातक मतदाताओं के साथ पार्टी के निरंतर संपर्क और संवाद का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से हर योग्य शिक्षक और स्नातक मतदाता तक व्यक्तिगत रूप से पहुंचने और मतदान के दिन उसका वोट सुनिश्चित कराने पर जोर दिया।

ये भी पढ़ें:

उन्होंने कहा कि शिक्षक-स्नातक चुनाव में अक्सर बड़ी संख्या में मतदाता मतदान केंद्र तक नहीं पहुंच पाते। संगठन को अपने संपर्क और संवाद के जरिए इस प्रवृत्ति को बदलने के लिए काम करना होगा। कोई भी योग्य मतदाता संपर्क से बाहर न रहे। इसकी जिम्मेदारी प्रत्येक कार्यकर्ता को व्यक्तिगत रूप से उठानी होगी।

पन्ना प्रमुख से लेकर कॉल सेंटर तक फोकस

प्रदेश अध्यक्ष ने सामान्य चुनावों की तर्ज पर शिक्षक एवं स्नातक चुनाव में भी पन्ना प्रमुख व्यवस्था को प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश दिए। हर पन्ने के मतदाताओं को चिन्हित कर उनसे नियमित संपर्क और मतदान के दिन पोलिंग सेंटर तक पहुंचाने की व्यवस्था पर जोर दिया गया।
up-mlc-election-bjp-strategy-pankaj-choudhary-awadh-region-meeting (2)

इसके साथ ही शिक्षण संस्थानों के प्रमुखों के साथ बैठकें और विधानसभा स्तर पर शिक्षक-स्नातक सम्मेलन तत्काल शुरू करने के निर्देश दिए गए। जनसंपर्क के दौरान केंद्र और प्रदेश सरकार की उपलब्धियों से संबंधित सामग्री मतदाताओं तक पहुंचाने के साथ बैलेट पेपर पर मतदान की सही प्रक्रिया भी समझाने को कहा गया, ताकि तकनीकी या प्रक्रियागत गलती से मत निरस्त न हो।

हर जिले में चुनाव कार्यालय, मतदान के दिन पर भी रहेगा फोकस

पंकज चौधरी ने हर जिले में चुनाव कार्यालय स्थापित करने और कॉल सेंटर को सक्रिय करने के निर्देश दिए। नामांकन के दिन पार्टी की पूरी ताकत प्रत्याशी के साथ दिखाई देने की बात कही गई। मतदान के दिन मतदाताओं के लिए सहायता केंद्र, जलपान और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं भी सुनिश्चित करने को कहा गया। बैठक में अवध क्षेत्र के पार्टी पदाधिकारी, जिलाध्यक्ष, जनप्रतिनिधि और शिक्षक-स्नातक विधान परिषद चुनाव से जुड़े प्रमुख कार्यकर्ता मौजूद रहे।

ये भी पढ़ें  झारखंड चुनाव: BJP ने जारी की 66 प्रत्याशियों की लिस्ट, कई दिग्गजों के बेटे, बहू और पत्नी को टिकट

Rakesh Kumar Verma

राकेश कुमार वर्मा एक वरिष्ठ पत्रकार हैं। इन्हें मीडिया जगत में लगभग 31 वर्षों का व्यापक और समृद्ध अनुभव है। इन्होंने प्रिंट और डिजिटल दोनों ही माध्यमों में कार्य करते हुए अपनी मजबूत और प्रभावशाली उपस्थिति दर्ज कराई है। यूपी की राजधानी लखनऊ में स्वतंत्र भारत, राष्ट्रीय सहारा, जनसत्ता एक्सप्रेस,… More »

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link