
गोरखपुर, 27 सितंबर 2026:
यूपी के गोरखपुर में लगातार बारिश से शहर के कई इलाके पानी में डूब गए हैं। पिछले दो दिनों से हो रही बारिश के बीच शनिवार को कुछ ही घंटों में करीब 164 मिमी बारिश दर्ज की गई। इससे धर्मशाला ओवरब्रिज, तिवारी हाता गली, हाता गली, तरंग ओवरब्रिज, बाबीना होटल के सामने, सिंधी गली और बाबीना रोड समेत कई इलाकों में जलभराव हो गया। कई प्रमुख रास्तों पर कई फीट पानी भरने से वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही।
कहीं कमर तक पानी, कहीं चार फीट तक जलभराव
धर्मशाला ओवरब्रिज के पास कमर तक पानी भर गया। सोनौली रोड पर गोरखनाथ के आसपास करीब तीन फीट और धर्मशाला पुल के नीचे करीब चार फीट तक पानी जमा रहा। तरंग ओवरब्रिज के नीचे और बाबीना होटल के सामने सड़क पर भी कई फीट पानी भरने से लोगों को परेशानी हुई। जलभराव के कारण कई जगह वाहन धीमी गति से निकलते नजर आए, जबकि कुछ रास्तों पर आवाजाही बाधित रही।

जलभराव देखने निकले मेयर, व्यापारियों ने रोककर बताई परेशानी
हालात का जायजा लेने मेयर मंगलेश श्रीवास्तव और नगर आयुक्त अजय जैन जलभराव वाले इलाकों में पहुंचे। साहबगंज किराना मंडी में व्यापारियों ने उनकी गाड़ी रोककर जलभराव की समस्या बताई। व्यापारियों का कहना था कि बारिश के दौरान मंडी में पानी भरने से दुकानों में रखा सामान खराब होता है और उन्हें हर बार नुकसान उठाना पड़ता है। व्यापारियों ने अधिकारियों से स्थायी जलनिकासी व्यवस्था कराने की मांग की।
व्यापारियों ने स्थायी समाधान मांगा
व्यापार मंडल का कहना था कि नया नाला बनने के बाद भी बारिश में पानी की निकासी नहीं हो पा रही है। जलभराव की शिकायत कई बार नगर निगम में की गई, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ। किराना कमेटी के पूर्व अध्यक्ष और संरक्षक उमेश चंद मद्धेशिया ने जलभराव से मंडी में बड़े आर्थिक नुकसान का दावा किया।
मेयर बोले- सभी पंप पूरी क्षमता से चल रहे
मेयर मंगलेश श्रीवास्तव ने कहा कि पिछले दो दिनों से लगातार बारिश हो रही है और आज कुछ ही घंटों में करीब 164 मिमी बारिश हुई है। इसके चलते कई क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति बनी है। नगर निगम की टीमें हर क्षेत्र में लगातार सक्रिय हैं। जलनिकासी के लिए उपलब्ध सभी पंप पूरी क्षमता से चलाए जा रहे हैं। जहां जरूरत है, वहां अतिरिक्त पंप भी लगाए जा रहे हैं।

प्राथमिकता के आधार पर निकाला जा रहा पानी
मेयर ने बताया कि जलभराव वाले इलाकों में नगर निगम की टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं। प्राथमिकता के आधार पर पानी निकालने का काम किया जा रहा है। साहबगंज किराना मंडी समेत प्रभावित इलाकों की समस्या को लेकर नगर आयुक्त को व्यापारियों से बातचीत कर समाधान निकालने के लिए कहा गया है। मेयर ने कहा कि इस संबंध में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को भी जानकारी दी जाएगी।
नगर निगम ने जारी किए कंट्रोल रूम नंबर
नगर निगम ने लोगों से जलभराव या दूसरी समस्या होने पर तत्काल सूचना देने की अपील की है, ताकि संबंधित टीम को मौके पर भेजकर कार्रवाई की जा सके। इसके लिए नगर निगम कंट्रोल रूम के नंबर 8810709390 और 1533 जारी किए गए हैं। UFMC के लिए 8810709312 नंबर पर सूचना दी जा सकती है।






