Gorakhpur

300 भेड़ों के बीच घुसा कुत्तों का झुंड, हमले में 120 की गई जान, नुकसान से चिंता में डूबे पशुपालक

कैंपियरगंज में तड़के तीन बजे हुआ हमला, कुत्तों से बचने की कोशिश में मची भगदड़, पशुपालकों को भारी नुकसान, ग्रामीणों ने प्रशासन से तुरंत कार्रवाई की मांग की

गोरखपुर, 11 अगस्त 2026:

गोरखपुर के कैंपियरगंज इलाके में आवारा कुत्तों के झुंड ने करीब 300 भेड़ों पर हमला कर दिया। कुत्तों से बचने की कोशिश में भेड़ों में भगदड़ मच गई, जिससे करीब 120 भेड़ों की मौत हो गई। मृत भेड़ों में 12 से ज्यादा गर्भवती भेड़ें भी शामिल बताई जा रही हैं। इस घटना से पशुपालकों को बड़ा आर्थिक नुकसान हुआ है।

चार दिन से बंधे के किनारे रुके थे चरवाहे

जानकारी के मुताबिक, भेड़पालक पिछले चार दिनों से रिगौली बंधे के पास भेड़ों के साथ डेरा डाले हुए थे। मंगलवार तड़के बूंदाबांदी होने पर चरवाहे भेड़ों के बच्चों को लेकर पास के एक खाली मकान में चले गए। दो लोग भेड़ों की निगरानी के लिए वहीं रुके थे, लेकिन उनकी आंख लग गई।

ये भी पढ़ें:

श्मशान घाट की तरफ से पहुंचे कुत्ते

इसी दौरान राप्ती नदी किनारे स्थित श्मशान घाट की तरफ से आठ से दस आवारा कुत्ते पहुंचे। चरवाहों का कहना है कि कुत्तों ने भेड़ों को नोचना शुरू कर दिया। जान बचाने के लिए भेड़ें इधर-उधर भागीं और भगदड़ में कई एक-दूसरे के नीचे दब गईं, जिससे बड़ी संख्या में उनकी मौत हो गई।

डॉक्टरों की टीम पहुंची, इलाज शुरू

घटना की सूचना मिलने पर पशु चिकित्साधिकारी डॉ राकेश कुमार द्विवेदी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। घायल भेड़ों का इलाज किया गया। डॉ द्विवेदी ने बताया कि करीब 120 भेड़ों की मौत हुई है। कुछ भेड़ें भगदड़ में मरीं, जबकि कुछ की मौत कुत्तों के हमले से हुई।

ग्रामीण बोले, लंबे समय से बना है खतरा

ग्रामीणों का कहना है कि करमैनी घाट श्मशान घाट के आसपास लंबे समय से आवारा कुत्तों के झुंड सक्रिय हैं। उनका दावा है कि ये कुत्ते पहले भी बकरियों और दुधारू पशुओं पर हमला कर चुके हैं। रात में गांवों की तरफ आने से लोगों में डर बना रहता है। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग की। अफसरों ने घटना की जांच व नियमानुसार पशुपालकों को राहत दिलाने के प्रयास की बात कही है।

ये भी पढ़ें  जनता दर्शन में CM योगी ने सुनीं लोगों की फरियाद...बीमार बच्चे के इलाज का दिया भरोसा

Anand Sharma

आनंद शर्मा 30 वर्ष से अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। ‘राष्ट्रीय सहारा’ व ‘हिंदुस्तान’ दैनिक समाचार पत्र में फील्ड रिपोर्टिंग के साथ सम्पादन का काम भी चलता रहा। जिला स्तर पर संवाददाता और ब्यूरो प्रमुख के रूप में लंबे समय तक सक्रिय रहे। इस दौरान विख्यात… More »

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button