Uttarakhand

तिरंगे के रंग में रंगा श्रीनगर-श्रीकोट, गूंजे देशभक्ति के नारे, शिक्षा मंत्री ने की ये अपील

उत्तराखंड में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान ने पकड़ी रफ्तार, यात्रा में छात्र-छात्राएं, युवा व स्थानीय नागरिक हुए शामिल, मंत्री धन सिंह रावत बोले- 15 अगस्त को घरों पर तिरंगा फहराकर उत्सव में बनें सहभागी

योगेंद्र मलिक

पौड़ी गढ़वाल, 11 अगस्त 2026:

उत्तराखंड में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत मंगलवार को श्रीनगर, श्रीकोट और खिर्सू क्षेत्र में भव्य तिरंगा यात्राओं का आयोजन किया गया। छात्र-छात्राओं, युवाओं व स्थानीय नागरिकों ने हाथों में तिरंगा लेकर उत्साहपूर्वक मार्च किया। मार्च में देशभक्ति के नारे गूंजते रहे। श्रीकोट पेट्रोल पंप से प्रारंभ हुई तिरंगा यात्रा विभिन्न मार्गों से होते हुए मेडिकल कॉलेज पहुंच कर समाप्त हुई। वहीं, श्रीनगर व खिर्सू क्षेत्र में भी तिरंगा यात्राएं निकाली गईं। इस दौरान पूरा क्षेत्र देशभक्ति के रंग में सराबोर नजर आया।
har-ghar-tiranga-yatra-in-srinagar-garhwal-dhan-singh-rawat-appeals (2)

इस अवसर पर शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि तिरंगा केवल एक ध्वज नहीं, बल्कि देश की आन, बान और शान के साथ ही राष्ट्रीय एकता, अखंडता और गौरव का प्रतीक है। उन्होंने प्रदेशवासियों से 15 अगस्त को अपने-अपने घरों पर तिरंगा फहराकर स्वतंत्रता दिवस के उत्सव में सहभागी बनने का आह्वान किया। कहा कि देश की स्वतंत्रता के लिए असंख्य वीरों ने अपना सर्वोच्च बलिदान दिया है। शहीदों के त्याग, संघर्ष और बलिदान की गाथा नई पीढ़ी तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है।

ये भी पढ़ें:

डॉ. रावत ने बताया कि शिक्षा विभाग की ओर से प्रदेश भर में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर शहीदों के जीवन व योगदान पर आधारित निबंध प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को देश के गौरवशाली इतिहास एवं स्वतंत्रता आंदोलन के संघर्ष से परिचित कराना है। कार्यक्रम के दौरान मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सीएमएस रावत ने छात्र-छात्राओं व युवाओं को नशा उन्मूलन की शपथ दिलाई।
har-ghar-tiranga-yatra-in-srinagar-garhwal-dhan-singh-rawat-appeals (3)

प्राचार्य डॉ. रावत ने कहा कि नशे की बढ़ती प्रवृत्ति को रोकने के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग को मिलकर प्रयास करने की आवश्यकता है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर स्वस्थ व सशक्त समाज के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया। तिरंगा यात्रा में प्रो. विनिता रावत, प्रो. दीपा हटवाल, प्रो. अनिल द्विवेदी, डॉ. सुरेंद्र सिंह नेगी, डॉ. बीपी नैथानी, भाजपा जिलाध्यक्ष कमल किशोर रावत सहित विभिन्न संस्थानों के शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं, युवा एवं स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

ये भी पढ़ें  मतदाता दिवस पर ‘संडे ऑन साइकिल’ रैली निकाली... युवाओं ने मतदान का दिया संदेश

Anurag Chaturvedi

अनुराग चतुर्वेदी पिछले कई वर्षों से पत्रकारिता, लेखन और संपादन के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं। उन्होंने विभिन्न प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हुए खबरों को निष्पक्षता और गहराई के साथ जनता के सामने रखा है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button