Lucknow City

Lucknow News: मौत के मुहाने पर अपार्टमेंट! अचानक टूटा पिलर, हिली पूरी बिल्डिंग, SDRF-NDRF ने खाली कराई इमारत

25 परिवारों को लगा आया भूकंप, वजीरगंज के एसए अपार्टमेंट में हादसे से बाल-बाल बचे सैकड़ों लोग, दीवारों में दरारें, सड़क पर बैरिकेडिंग, पूरी बिल्डिंग जर्जर, जरूरत पड़ी तो गिराया जाएगा

लखनऊ, 28 सितंबर 2026:

यूपी की राजधानी लखनऊ में सोमवार दोपहर एक बड़ा हादसा होते-होते बच गया। पुराने शहर के वजीरगंज इलाके में लाल मस्जिद के पास स्थित एसए अपार्टमेंट का एक पिलर अचानक टूट गया। पिलर टूटते ही पूरी बिल्डिंग में तेज कंपन महसूस हुआ और दीवारों में दरारें आ गईं। अपार्टमेंट में रहने वाले दो दर्जन से अधिक परिवारों में अफरा-तफरी मच गई। कई लोगों को कुछ देर के लिए लगा कि भूकंप आ गया है। गनीमत रही कि पिलर गिरने से कोई जनहानि नहीं हुई।

पिलर गिरने की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की टीम मौके पर पहुंची। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए अपार्टमेंट के आसपास बैरिकेडिंग कर रास्ते पर आवाजाही रोक दी गई। एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमें भी मौके पर पहुंचीं और अपार्टमेंट को तत्काल खाली कराने का अभियान शुरू किया गया।
lucknow-news-wazirganj-sa-apartment-pillar-collapsed-building-evacuated (2)

प्रशासन के मुताबिक बिल्डिंग में रह रहे सभी परिवारों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है।
बताया गया कि करीब 12 साल पहले बने इस अपार्टमेंट की हालत पहले से ही जर्जर थी। पिछले तीन दिनों से हो रही बारिश के बीच सोमवार को अचानक पिलर टूटने से खतरा और बढ़ गया।

ये भी पढ़ें:

स्थानीय लोगों के मुताबिक पिलर गिरने के बाद बिल्डिंग की दीवारों में भी दरारें दिखाई देने लगीं। प्रशासन अब भवन की स्थिति का लगातार आकलन कर रहा है। जरूरत पड़ने पर जर्जर भवन को गिराने की कार्रवाई भी की जा सकती है। इसके लिए आसपास के रास्तों को भी बंद कराया जा सकता है।

हादसे के बाद मौके पर पहुंचे अपार्टमेंट के एक निवासी ने बताया कि जब पिलर टूटा, उस समय उनकी पत्नी बालकनी में खड़े थीं। वह बालकनी से नीचे गिरने से बाल-बाल बचीं। बताया कि पिलर टूटने के बाद ऐसा लगा जैसे भूकंप आया हो। बाद में पता चला कि बिल्डिंग के पिलर के टूटने से कंपन हुई थी।
lucknow-news-wazirganj-sa-apartment-pillar-collapsed-building-evacuated (3)

घटना की जानकारी मिलने पर लखनऊ के डीएम विशाख जी भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि एक पिलर के बैठने की सूचना मिली थी जिसके बाद एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमों को बुलाया गया। सुरक्षा मानकों को ध्यान में रखते हुए पूरे अपार्टमेंट को खाली करा लिया गया है। जिन परिवारों के पास फिलहाल रहने की व्यवस्था नहीं है उनके लिए रैन बसेरों में व्यवस्था की जाएगी।

CM योगी ने दिए राहत-बचाव कार्य तेज करने के निर्देश

मौके पर एलडीए के अपर सचिव भी पहुंचे। वहीं, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को घटना की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने अधिकारियों को लोगों को सुरक्षित निकालने और राहत-बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए। फिलहाल पुलिस-प्रशासन की निगरानी में अपार्टमेंट को खाली कराकर आसपास का क्षेत्र सुरक्षित किया गया है। राजधानी में लगातार बारिश के बीच जर्जर इमारतों को लेकर यह घटना एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े करती है।

ये भी पढ़ें  UP Assembly Elections की तैयारी तेज : EVM पर ‘फुल कंट्रोल’, 33 जिलों के अफसरों को सिखाया गया सुरक्षा का पूरा गेम

Rakesh Kumar Verma

राकेश कुमार वर्मा एक वरिष्ठ पत्रकार हैं। इन्हें मीडिया जगत में लगभग 31 वर्षों का व्यापक और समृद्ध अनुभव है। इन्होंने प्रिंट और डिजिटल दोनों ही माध्यमों में कार्य करते हुए अपनी मजबूत और प्रभावशाली उपस्थिति दर्ज कराई है। यूपी की राजधानी लखनऊ में स्वतंत्र भारत, राष्ट्रीय सहारा, जनसत्ता एक्सप्रेस,… More »

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link