
योगेंद्र मलिक
पौड़ी गढ़वाल, 28 सितंबर 2026ः
उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल में संचालित सेवा संकल्प अभियान के तहत पाबौ क्षेत्र के चिपलघाट में बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में पहुंचे कैबिनेट डॉ. धन सिंह रावत ने ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और योजनाओं की जानकारी दी। इस अवसर पर तीन महिलाओं को महालक्ष्मी किट व तीन को पोषण किट बांटी गईं। वहीं, ग्रामोत्थान परियोजना के तहत दो महिलाओं को सिलाई मशीन के लिए 30-30 हजार रुपये के चेक दिए गए।
चिपलघाट में आयोजित शिविर में पशुपालन, समाज कल्याण, कृषि, उद्यान, स्वास्थ्य सहित 15 विभागों की ओर से स्टॉल लगाए गए। अधिकारियों ने ग्रामीणों को योजनाओं व सेवाओं की जानकारी दी। जनता मिलन कार्यक्रम में ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं संबंधित विभागों के अधिकारियों के सामने रखीं। इसके बाद कैबिनेट मंत्री आंगनबाड़ी केंद्र जितोली में आयोजित ‘आंगन-मिलन सेवा’ कार्यक्रम में पहुंचे। उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, महिलाओं और ग्रामीणों से संवाद कर बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य, शिक्षा एवं समुचित विकास से जुड़े विषयों पर चर्चा की।
उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र बच्चों के प्रारंभिक विकास, पोषण और संस्कार निर्माण की महत्वपूर्ण आधारशिला हैं। कार्यक्रम में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य और बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं व सेवाओं की जानकारी दी गई। कैबिनेट मंत्री ने राजकीय इंटर कॉलेज सांकरसैंण में आयोजित चित्रकला प्रदर्शनी एवं भाषण प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं की रचनात्मक प्रतिभा व विचारों को प्रोत्साहित किया। कहा कि नई पीढ़ी की प्रतिभा को अवसर और सही दिशा देना जरूरी है।
धन सिंह रावत ने कहा कि मुख्यमंत्री के सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य सरकार की योजनाओं एवं सेवाओं को ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंचाने के साथ ही आमजन की समस्याओं के समाधान को गति देना है। उन्होंने कहा कि पाबौ के लगभग सभी राजस्व ग्रामों में सड़क पहुंच चुकी है। शेष तीन तोकों के लिए एस्टीमेट मांगा गया है। मार्च तक इन तोकों को भी सड़क सुविधा से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।






