
सीतापुर, 28 सितंबर 2026:
यूपी के सीतापुर में ग्राम समाज की सरकारी जमीन को फर्जी चकबंदी पत्रावलियों के सहारे निजी व्यक्ति के नाम दर्ज कराने का मामला सामने आया है। जांच में राजस्व अभिलेखों से छेड़छाड़, फर्जी दस्तावेजों के इस्तेमाल और पुरानी वाद पत्रावली गायब करने की बात सामने आने के बाद तत्कालीन तहसीलदार सदर के पेशकार समेत चार लोगों के खिलाफ शहर कोतवाली में FIR दर्ज कराई गई है।
पेशकार का साथ देने वाले तीन अन्य कर्मियों की भूमिका भी जांच के घेरे में
मामले में तत्कालीन तहसीलदार सदर के पेशकार विपिन यादव, अभिलेखागार से जुड़े कोमल कटियार, कलेक्ट्रेट के मुख्य राजस्व लेखाकार श्याम बाबू मिश्रा और सेवानिवृत्त राजस्व निरीक्षक राकेश वर्मा को आरोपी बनाया गया है। प्रभारी अधिकारी अभिलेखागार (माल) एवं अतिरिक्त मजिस्ट्रेट द्वितीय सुभाष चन्द्र ने तहरीर देकर केस दर्ज कराया है।
गाटा संख्या 19 और 115 में सामने आया फर्जीवाड़ा
जिलाधिकारी के निर्देश पर अभिलेखागार में हुई अनियमितताओं की जांच के लिए समिति गठित की गई थी। 29 जुलाई को सामने आई समिति की रिपोर्ट में ग्राम सरैया मल्हुई, परगना खैराबाद की श्रेणी-3 की सरकारी जमीन से जुड़ा मामला पकड़ा गया। जांच में गाटा संख्या 19 और 115 को बिना सक्षम अधिकारी के आदेश के जमलापुर निवासी राजू सिंह के नाम दर्ज किए जाने की बात सामने आई। जांच के मुताबिक तहसील के आर-6 अभिलेख में यह नाम फर्जी पत्रावलियों के आधार पर दर्ज कराया गया था। आरोप है कि सरकारी जमीन का रिकॉर्ड बदलने के लिए चकबंदी न्यायालय की फर्जी पत्रावलियों का सहारा लिया गया।
अभिलेखागार में पन्ने बदलने का भी आरोप
जांच समिति ने अभिलेखागार की बस्ता सूची में पृष्ठ बदलने, फर्जी पत्रावलियां दाखिल कराने और उन्हीं के आधार पर नकल जारी किए जाने जैसी गड़बड़ियां भी पकड़ीं। इससे सरकारी जमीन से जुड़े राजस्व रिकॉर्ड में बदलाव की प्रक्रिया पर सवाल खड़े हुए हैं।
2008 की वाद पत्रावली भी गायब मिली
जांच में ग्राम क्योंटाना हरदोपट्टी से जुड़ी वर्ष 2008 में निर्णीत वाद संख्या 225 की पत्रावली भी गायब होने की बात सामने आई। आरोप है कि इसे बस्ता सूची और नकल पंजी से काट दिया गया था। तहरीर में चारों आरोपियों की भूमिका संदिग्ध बताते हुए कार्रवाई की मांग की गई है। पुलिस अब सरकारी जमीन को निजी नाम दर्ज कराने, कथित फर्जी पत्रावलियों के इस्तेमाल और पुरानी पत्रावली गायब किए जाने से जुड़े रिकॉर्ड की जांच कर रही है।






