Uttarakhand

‘जन परिचय’ पर कार्यशाला : एक पहचान से खुलेंगे डिजिटल सेवाओं के कई द्वार, अधिकारियों को दी ट्रेनिंग

कार्यक्रम में विशेषज्ञों ने विभिन्न पहलुओं पर दी जानकारी, राष्ट्रीय सिंगल साइन ऑन प्लेटफॉर्म की कार्यप्रणाली, सुविधाओं व नागरिक केंद्रित सेवाओं में इसके प्रभावी इस्तेमाल पर रहा मुख्य फोकस

राजकिशोर तिवारी

देहरादून, 29 सितंबर 2026ः

उत्तराखंड में डिजिटल गवर्नेंस को रफ्तार देने के लिए राष्ट्रीय सूचना-विज्ञान केंद्र (NIC) ने बड़ा कदम उठाया है। देहरादून के एक होटल में ‘जन परिचय-पहचान एक, सेवाएं अनेक’ विषय पर कार्यशाला का आयोजन हुआ। इसमें राज्य के विभिन्न विभागों के 100 से अधिक अधिकारियों को प्रशिक्षण दिया गया। कार्यशाला का मुख्य फोकस राष्ट्रीय सिंगल साइन ऑन (SSO) प्लेटफॉर्म ‘मेरी पहचान’ की कार्यप्रणाली, सुरक्षा, सुविधाओं और राज्य की नागरिक-केंद्रित सेवाओं में इसके प्रभावी इस्तेमाल पर रहा।

सभी विभागों से अपनाने का किया आह्वान

कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों को प्लेटफॉर्म की तकनीकी खूबियों के साथ-साथ माइग्रेशन प्रक्रिया का व्यावहारिक प्रदर्शन भी कराया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सचिव (आईटी) डॉ. पंकज कुमार पांडे ने नागरिक सेवाओं की तेज और सुगम डिलीवरी के लिए ‘जन परिचय’ जैसी डिजिटल पहल की अहमियत पर जोर दिया। उन्होंने राज्य के सभी विभागों से इस प्लेटफॉर्म को शीघ्र अपनाने का आह्वान किया। NIC उत्तराखंड के राज्य सूचना-विज्ञान अधिकारी अरविंद कुमार दधीचि ने बताया कि ‘मेरी पहचान’ एक राष्ट्रीय सिंगल साइन ऑन प्लेटफॉर्म है। इसके जरिए नागरिक एक ही यूजर क्रेडेंशियल से अनेक सार्वजनिक एवं निजी सेवाओं तक पहुंच बना सकते हैं।

ये भी पढ़ें:

उन्होंने बताया कि जुलाई 2022 में पीएम मोदी द्वारा गांधीनगर में शुभारंभ किए गए इस प्लेटफॉर्म से अब तक 3,000 से अधिक परियोजनाएं जुड़ चुकी हैं, जबकि प्रतिदिन 55 लाख से अधिक ट्रांजैक्शन और दो करोड़ से अधिक उपयोगकर्ताओं के जुड़ने का दावा किया गया है। NIC मुख्यालय नई दिल्ली से आए उप महानिदेशक वीटीवी रमण ने सिंगल साइन ऑन आधारित सरकारी प्लेटफॉर्म की उपयोगिता और सुरक्षा पर प्रकाश डाला।

साइबर सुरक्षा की दी तकनीकी जानकारी

तकनीकी सत्रों में ‘जन परिचय’ के विभिन्न पहलुओं पर विशेषज्ञों ने जानकारी दी। वरिष्ठ निदेशक (आईटी) संजय शर्मा ने SSO ‘जन परिचय’ की रूपरेखा और कार्यप्रणाली समझाई। इसके बाद संयुक्त निदेशक (आईटी) अमित कुमार ने प्लेटफॉर्म की वैल्यू एडेड सर्विसेज की जानकारी दी। साइबर सुरक्षा पर विशेष सत्र में इंडस्ट्री एक्सपर्ट वैभव पाठक ने डिजिटल प्रमाणीकरण प्रणालियों में सुरक्षा के महत्वपूर्ण पहलुओं और संभावित साइबर जोखिमों से बचाव पर चर्चा की। कार्यशाला के अंतिम तकनीकी सत्र में संयुक्त निदेशक (आईटी) कुंदन कुमार ने ‘जन परिचय’ के विभिन्न फीचर्स का लाइव डेमोंस्ट्रेशन किया। साथ ही विभागीय सेवाओं को प्लेटफॉर्म से जोड़ने की माइग्रेशन प्रक्रिया को भी व्यावहारिक रूप से समझाया गया।

ये भी पढ़ें  महिला को 12 दिनों तक डिजिटल अरेस्ट रख ठगे थे 1.47 करोड़, एक और आरोपी गिरफ्तार

Anurag Chaturvedi

अनुराग चतुर्वेदी पिछले कई वर्षों से पत्रकारिता, लेखन और संपादन के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं। उन्होंने विभिन्न प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हुए खबरों को निष्पक्षता और गहराई के साथ जनता के सामने रखा है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link