Ayodhya

Ayodhya News : इस बार बनेगा दीपोत्सव का सबसे बड़ा रिकॉर्ड! 30 लाख दीप, 2100 ड्रोन और राम की पैड़ी पर लेजर शो

6 नवंबर से शुरू होगा तीन दिवसीय दीपोत्सव, 7 नवंबर को मुख्य आयोजन, सरयू किनारे ग्रीन आतिशबाजी और राम कथा पार्क में होगा भगवान राम का प्रतीकात्मक राज्याभिषेक

अनिल निषाद

अयोध्या, 29 सितंबर 2026:

रामनगरी अयोध्या का दसवां दीपोत्सव इस बार सिर्फ दीपों की रोशनी तक सीमित नहीं रहने वाला है। आयोजन को ऐतिहासिक और भव्य बनाने की तैयारियां तेज हो गई हैं। प्रशासन ने इस बार 30 लाख दीप जलाकर नया गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने का लक्ष्य रखा है। तीन दिवसीय दीपोत्सव की शुरुआत 6 नवंबर से होगी और 7 नवंबर को मुख्य दीपोत्सव आयोजित किया जाएगा।

इस बार अयोध्या में जमीन से लेकर आसमान तक रामकथा का भव्य दृश्य देखने को मिलेगा। 2100 ड्रोन के जरिए भगवान राम की कथा को आसमान में जीवंत करने की तैयारी है। राम की पैड़ी पर लेजर शो होगा। सरयू किनारे ग्रीन आतिशबाजी आकर्षण का केंद्र रहेगी। इसके अलावा रामनगरी के विभिन्न स्थानों पर सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें भगवान राम के जीवन और रामायण से जुड़े प्रसंगों की प्रस्तुतियां होंगी।

ये भी पढ़ें:

राम कथा पार्क में होगा राम का राज्याभिषेक

मुख्य आयोजन के दौरान राम कथा पार्क में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भगवान राम का प्रतीकात्मक राज्याभिषेक करेंगे। वहीं, साकेत महाविद्यालय से भगवान राम के जीवन पर आधारित भव्य झांकी निकाली जाएगी। पर्यटन और सूचना विभाग इसकी तैयारियों में जुटा है। झांकी में भगवान राम के जन्म से लेकर वनवास, लंका विजय और अयोध्या वापसी तक की यात्रा को प्रदर्शित करने की तैयारी है। यानी दीपोत्सव के दौरान अयोध्या में श्रद्धालुओं और पर्यटकों को रामकथा के विभिन्न प्रसंग एक साथ देखने को मिलेंगे।

हर साल बढ़ता गया दीपों का आंकड़ा

अयोध्या में दीपोत्सव की शुरुआत 2017 में हुई थी। पहले आयोजन में 1 लाख 71 हजार दीप जलाए गए थे। इसके बाद हर वर्ष दीपों की संख्या बढ़ती गई। 2018 में 3 लाख 1 हजार, 2019 में 4 लाख 4 हजार, 2020 में 6 लाख 6 हजार और 2021 में 9 लाख 41 हजार दीप जलाए गए। 2022 में 15 लाख 76 हजार 995, 2023 में 22 लाख 23 हजार और 2024 में 25 लाख 12 हजार 585 दीपों से रामनगरी रोशन हुई। वर्ष 2025 में 26 लाख 17 हजार 215 दीप जलाए गए। अब दसवें दीपोत्सव में 30 लाख दीप जलाने का लक्ष्य है।
ayodhya-news-deepotsav-world-record-30-lakh-diya-drone-show (23)

सितंबर के अंत तक पूरे होंगे राम की पैड़ी के काम

मंडलायुक्त राजेश कुमार और डीएम शशांक त्रिपाठी के मुताबिक दीपोत्सव की तैयारियों को लेकर संबंधित विभागों के साथ बैठक कर कार्ययोजना तैयार की गई है। अधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं और राम की पैड़ी पर चल रहे सभी कार्यों को सितंबर के अंत तक पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।

श्रद्धालुओं की सुविधा, साफ-सफाई, सजावट, प्रकाश व्यवस्था और सांस्कृतिक कार्यक्रमों पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है। 30 लाख दीपों की रोशनी, 2100 ड्रोन का आसमानी शो, लेजर लाइट और रामकथा आधारित प्रस्तुतियों के साथ इस बार अयोध्या का दीपोत्सव अब तक के सबसे बड़े आयोजनों में शामिल होने की तैयारी में है।

ये भी पढ़ें  अयोध्या में प्रतिष्ठा द्वादशी पर भावुक हुए रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, बोले... जीवन में जो चाहा सब पा लिया

Rakesh Kumar Verma

राकेश कुमार वर्मा एक वरिष्ठ पत्रकार हैं। इन्हें मीडिया जगत में लगभग 31 वर्षों का व्यापक और समृद्ध अनुभव है। इन्होंने प्रिंट और डिजिटल दोनों ही माध्यमों में कार्य करते हुए अपनी मजबूत और प्रभावशाली उपस्थिति दर्ज कराई है। यूपी की राजधानी लखनऊ में स्वतंत्र भारत, राष्ट्रीय सहारा, जनसत्ता एक्सप्रेस,… More »

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link