
उन्नाव, 1 अक्टूबर 2026:
यूपी के उन्नाव जिले में भाजपा के बूथ अध्यक्ष अतुल रावत (27) का शव गांव से करीब 800 मीटर दूर आम के बाग में रस्सी के फंदे से लटका मिला। अतुल बाइक से घर से निकला था, लेकिन रात तक वापस नहीं आया। सुबह ग्रामीणों ने उसका शव बाग में देखा। बड़े भाई दीपक रावत ने हत्या कर शव लटकाने का आरोप लगाया है।
दो मोबाइल फोन ने बढ़ाया जांच का दायरा
पुलिस ने घटनास्थल पर डॉग स्क्वॉड और फॉरेंसिक टीम को बुलाकर करीब दो घंटे तक जांच कराई। मौके से करीब 100 मीटर दूर अतुल की बाइक खड़ी मिली। तलाशी के दौरान उसकी पैंट की जेब से एंड्रॉयड फोन मिला, जबकि जमीन पर एक की-पैड मोबाइल पड़ा था। दोनों मोबाइल पुलिस ने कब्जे में लेकर उनका डेटा खंगालना शुरू कर दिया है।
शाम पांच बजे बाइक से निकला था घर से
हसनगंज कोतवाली के चिरियारी गांव निवासी लल्लू रावत का बेटा अतुल रावत भाजपा का बूथ अध्यक्ष था। वह एक सहज जनसेवा केंद्र संचालक के संपर्क में रहकर ब्लॉक के काम करता था। शाम करीब पांच बजे वह बाइक लेकर घर से निकला था। उसने परिजनों को यह नहीं बताया था कि वह कहां जा रहा है। देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिजन उसकी तलाश में जुट गए।
ऑनलाइन दिखा मोबाइल
अतुल के बड़े भाई दीपक के मुताबिक, शाम घर से निकलने के बाद 7:01 बजे तक उसका मोबाइल ऑनलाइन दिख रहा था। इसके बाद फोन बंद हो गया। दीपक ने बताया कि रात में ही पुलिस को सूचना दी गई थी। उनका कहना है कि अगर समय रहते मोबाइल की CDR निकलवाई जाती तो शायद अतुल की जान बच सकती थी।
पोस्टमार्टम में हैंगिंग की पुष्टि
परिजनों के हत्या के आरोप के बाद पुलिस ने डॉग स्क्वॉड और फॉरेंसिक टीम से जांच कराई। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पुलिस के मुताबिक, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हैंगिंग की पुष्टि हुई है। अतुल तीन भाइयों में सबसे छोटा था। उसकी मौत के बाद मां दुलारा समेत परिवार के लोग बेहाल हैं।






