Unnao City

BJP सरकार में बढ़ा मांस उत्पादन… अविमुक्तेश्वरानंद बोले- गौ रक्षा करने वाली पार्टी को मिलेगा वोट

गौ रक्षार्थ धर्म युद्ध यात्रा पहुंची शुक्लागंज, जगद्गुरु शंकराचार्य ने कहा- गौ माता की रक्षा को लेकर जनता में आक्रोश, विधानसभा चुनाव 2027 में यह मुद्दा होगा निर्णायक, मंदिर चढ़ाना चोरी प्रकरण में गठित एसआईटी पर भी उठाए सवाल

प्रमोद पासी

उन्नाव, 11 जुलाई 2026ः

जगद्गुरु शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद महाराज की गौ रक्षार्थ धर्म युद्ध यात्रा उन्नाव के शुक्लागंज स्थित एक होटल में पहुंची। इस दौरान शंकराचार्य ने भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि बीजेपी सरकार ने सबसे अधिक मांस बिकवाया है और मांस उत्पादन को बढ़ावा दिया है। अविमुक्तेश्वरानंद ने यह भी कहा कि जो पार्टी गौ रक्षा करेगी उसे ही आगामी विधानसभा चुनाव में वोट मिलेगा।

शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद महाराज ने कहा कि भाजपा ने ‘सबका साथ, सबका विकास’ का नारा दिया था, लेकिन अब जनता को भ्रम हुआ है कि बीजेपी की नीतियां किस दिशा में जा रही हैं। उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में गौ माता की रक्षा को लेकर जनता में व्यापक आक्रोश है और आने वाले चुनावों में यह मुद्दा निर्णायक साबित होगा। शंकराचार्य ने कहा कि हिंदुओं का यह गढ़ है और यहां के लोग गौ माता को पशु कहलाने या उसके वध को बर्दाश्त नहीं करेंगे।

अविमुक्तेश्वरानंद ने कहा कि जो पार्टी गौ रक्षा के लिए खड़ी होगी, उसे ही वोट मिलेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने सबसे अधिक मांस बिकवाया है और मांस उत्पादन को बढ़ावा दिया है, जो गौ माता के खिलाफ है। उन्होंने राम मंदिर चढ़ावा चोरी के मामले में एसआईटी गठन पर प्रश्न उठाते हुए कहा कि जब सरकार स्वयं एसआईटी बनाती है तो चोरों को दंडित कौन करेगा? यह भी कहा कि अगली सरकार इन चोरों को सजा दिलाएगी।

शंकराचार्य ने भाजपा सरकार पर गौ माता को राष्ट्र माता घोषित न करने का आरोप लगाते हुए इसे सरकार की उदासीनता बताया। उन्होंने कहा कि जनता अब जागरूक हो चुकी है। अविमुक्तेश्वरानंद स्वामी ने कहा कि वे गौ माता की रक्षा के लिए हर संभव योगदान देंगे। इस यात्रा के माध्यम से वे पूरे प्रदेश में इस मुद्दे पर जनजागरण करेंगे। इस अवसर पर सपा नेता वीरेन्द्र शुक्ला और श्रद्धालुओं ने अविमुक्तेश्वरानंद का स्वागत किया।

READ MORE

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button