Unnao City

उन्नाव में गरजा बुलडोजर : अवैध कब्जे ध्वस्त, भू-माफियाओं से छुड़ाई करोड़ों की सरकारी जमीन

सदर तहसील क्षेत्र के कटरी पीपरखेड़ा इलाके में करोड़ों की सरकारी जमीन पर किए गए अवैध कब्जे, नोटिस के बावजूद कब्जा नहीं हटाने पर प्रशासन ने चलाया बुलडोजर

उन्नाव, 21 जनवरी 2026:

यूपी के उन्नाव जनपद में प्रशासन ने भू-माफियाओं के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। सदर तहसील क्षेत्र के कटरी पीपरखेड़ा इलाके में वर्षों से करोड़ों रुपये मूल्य की सरकारी जमीन पर किए गए अवैध कब्जों को बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया गया। इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया और अवैध कब्जाधारकों में अफरातफरी का माहौल देखने को मिला।

प्रशासन को शिकायतें मिल रही थीं कि कटरी पीपरखेड़ा क्षेत्र में कुछ भू-माफिया सरकारी भूमि पर कब्जा कर अवैध निर्माण करा रहे हैं। आरोप यह भी था कि कब्जाई गई जमीन की गैरकानूनी खरीद-फरोख्त कर मोटा मुनाफा कमाया जा रहा है। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए जिला प्रशासन ने मामले की जांच कराई, जिसमें सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे की पुष्टि हुई।

WhatsApp Image 2026-01-21 at 4.41.21 PM

ये भी पढ़ें:

जांच के बाद संबंधित कब्जाधारकों को नोटिस जारी कर स्वयं कब्जा हटाने के निर्देश दिए गए लेकिन उन्होंने प्रशासन की चेतावनियों को नजरअंदाज किया। इसके बाद प्रशासन ने कठोर कदम उठाने का निर्णय लिया। राजस्व विभाग की विशेष टीम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए।

कार्रवाई के दौरान बुलडोजर चलाकर सभी अवैध निर्माणों को ध्वस्त कर दिया गया। मौके पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे। उन्होंने प्रशासन की कार्रवाई का समर्थन किया। लोगों का कहना था कि सरकारी जमीन पर कब्जा करने वालों के खिलाफ ऐसी सख्ती पहले ही होनी चाहिए थी।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि जनपद में अन्य सरकारी जमीनों की भी जांच की जा रही है। जहां कहीं भी अवैध कब्जे पाए जाएंगे, वहां इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

ये भी पढ़ें  उत्तराखंड: सीमांत गांवों के लिए 402 करोड़ के प्रोजेक्ट पास...गैस सप्लाई पर सख्ती के निर्देश

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button