
लखनऊ, 3 अक्टूबर 2026:
यूपी में शनिवार को एक बार फिर बड़ा प्रशासनिक फेरबदल हुआ। शासन ने 23 पीसीएस अधिकारियों के साथ 15 आईएएस अफसरों (IAS Transfer) का तबादला किया है। इस बदलाव में खनन, पंचायती राज, चिकित्सा शिक्षा, आवास विकास, सहकारिता और विश्वविद्यालय प्रशासन से जुड़े कई अहम पदों पर नई तैनाती की गई है।
सबसे अहम बदलाव भूतत्व एवं खनिकर्म विभाग में हुआ है। सचिव खनन माला श्रीवास्तव से विभाग के निदेशक का प्रभार वापस लिया गया है। उत्तर प्रदेश मेडिकल सप्लाई कॉर्पोरेशन के प्रबंध निदेशक डॉ. उज्ज्वल कुमार को विशेष सचिव एवं निदेशक, भूतत्व एवं खनिकर्म की जिम्मेदारी दी गई है। विशेष सचिव भूतत्व एवं खनिकर्म रहीं जे. रीभा को मेडिकल सप्लाई कॉर्पोरेशन का प्रबंध निदेशक बनाया गया है।
पंचायती राज विभाग में भी बड़ा बदलाव हुआ है। यूपीडा के अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी श्रीहरि प्रताप शाही को निदेशक पंचायती राज बनाया गया है। वहीं, पंचायती राज के निदेशक अमित कुमार सिंह को प्रबंध निदेशक पीसीडीएफ की जिम्मेदारी सौंपी गई है। पीसीडीएफ के मौजूदा प्रबंध निदेशक प्रकाश बिंदु को सचिव चिकित्सा शिक्षा बनाया गया है।

आवास विकास परिषद में भी जिम्मेदारियां बदली गई हैं। लखनऊ के अपर जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह को अपर आयुक्त, उत्तर प्रदेश आवास एवं विकास परिषद बनाया गया है। परिषद के अपर आयुक्त रहे नीरज शुक्ला को प्रबंध निदेशक पीसीएफ नियुक्त किया गया है। पीसीएफ के प्रबंध निदेशक डॉ. चंद्र भूषण को अपर निदेशक, डॉ. राम मनोहर लोहिया उत्तर प्रदेश प्रशासन एवं प्रबंधन अकादमी की जिम्मेदारी दी गई है।
चिकित्सा शिक्षा विभाग में सचिन कुमार सिंह को विशेष सचिव बनाया गया है। वहीं, ध्रुव खाड़िया को मऊ का मुख्य विकास अधिकारी और नरेंद्र बहादुर सिंह को जौनपुर का सीडीओ नियुक्त किया गया है। मऊ के मौजूदा सीडीओ विवेक कुमार श्रीवास्तव को राजस्व परिषद, प्रयागराज में सदस्य (न्यायिक) बनाया गया है।
विश्वविद्यालयों में भी फेरबदल हुआ है। KGMU की कुलसचिव अर्चना गहरवार को AKTU का कुलसचिव बनाया गया है, जबकि AKTU की कुलसचिव रीना सिंह को KGMU की जिम्मेदारी दी गई है। इसी के साथ शासन ने 23 पीसीएस अधिकारियों को भी नई तैनाती दी है। इनमें कई एडीएम, एसडीएम, अपर नगर आयुक्त और अन्य प्रशासनिक पदों पर तैनात अधिकारी शामिल हैं।






