Rajya Sabha Election: सपा का ‘टांय-टांय फिस्स’! ओपी राजभर बोले- मित्र अखिलेश जी, कभी-कभी समझदारी का काम भी कर लेते हैं
तीसरे प्रत्याशी की अटकलों पर लगा विराम तो राजभर ने साधा निशाना, 403 सीटों के सपने पर भी कसा तंज, भाजपा के 8 और सपा के 2 प्रत्याशियों का राज्यसभा जाना तय

लखनऊ, 6 अक्टूबर 2026:
यूपी में राज्यसभा की 10 सीटों के चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी के तीसरे प्रत्याशी को मैदान में न उतारने की खबरों के बीच सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। एनडीए के सहयोगी दल सुभासपा अध्यक्ष एवं योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तंज कसते हुए कहा कि आखिरकार सपा का ‘टांय-टांय फिस्स’ हो गया।
ओमप्रकाश राजभर ने मंगलवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए लिखा, ‘मित्र अखिलेश जी, बस हो गया टांय टांय फिस्स! वैसे कभी-कभी ही सही, आप कुछ समझदारी का काम भी कर ही लेते हैं। जैसे आज किया। रही बात 403 की तो बस यही कहूंगा कि सपने देखना बुरी बात नहीं है।’ राजभर का यह तंज राज्यसभा चुनाव के साथ-साथ आगामी विधानसभा चुनाव की सियासत से भी जोड़कर देखा जा रहा है।
दरअसल, राजभर कई हफ्तों से सपा और अखिलेश यादव पर लगातार हमलावर हैं। वे हमले का कोई मौका छोड़ते नहीं हैं। इससे पहले भी वह अखिलेश के PDA फॉर्मूले पर निशाना साध चुके हैं। राज्यसभा चुनाव के दौरान उन्होंने PDA की व्यंग्यात्मक व्याख्या ‘परिवार, दौलतमंद और अपराधी’ के तौर पर करते हुए प्रो. रामगोपाल यादव और धनराज परिमल नथवानी का जिक्र किया था।
मित्र अखिलेश जी,
बस हो गया टांय टांय फिस्स!
वैसे कभी कभी ही सही, आप कुछ समझदारी का काम भी कर ही लेते हैं। जैसे आज किया।
रही बात 403 की तो बस यही कहूंगा कि सपने देखना बुरी बात नहीं है।
@yadavakhilesh
— Om Prakash Rajbhar (@oprajbhar) October 6, 2026
राज्यसभा चुनाव के मौजूदा समीकरणों की बात करें तो सपा के तीसरे प्रत्याशी के मैदान में नहीं उतरने पर भाजपा के सभी 8 और सपा के 2 प्रत्याशियों का निर्विरोध निर्वाचन लगभग तय माना जा रहा है। राज्यसभा चुनाव के लिए 16 अक्टूबर को मतदान होना है। मालूम हो कि अखिलेश यादव ने कुछ दिन पहले तीसरे प्रत्याशी की संभावना को पूरी तरह खारिज नहीं किया था। उन्होंने कहा था कि गिनती पूरी होने के बाद स्थिति देखी जाएगी।
इसके बाद सपा के तीसरे प्रत्याशी को लेकर अटकलें तेज थीं। दो नाम सामने आने के बाद PDA फॉर्मूले के तहत तीसरे प्रत्याशी के तौर पर किसी मुस्लिम चेहरे को उतारे जाने की चर्चा भी राजनीतिक गलियारों में खूब रही। अब तीसरे प्रत्याशी को लेकर तस्वीर साफ होने के साथ ही राजभर के तंज ने राज्यसभा चुनाव की सियासत को गरमा दिया है।






