Gorakhpur News : निषाद बनाम क्षत्रिय में रंगा सपा का थप्पड़कांड, अंशुमान के समर्थन में सड़क पर उतरा क्षत्रिय समाज
सपा के कार्यक्रम में नेता अंशुमान के बेटे कमलेश ने पूर्व जिलाध्यक्ष राम नगीना को मारा था थप्पड़, अंशुमान को पार्टी से निकालकर दर्ज हुई थी एफआईआर, इसी मुद्दे को लेकर क्षत्रिय समाज ने पंचायत के बाद मुख्यमंत्री के नाम SDM को दिया ज्ञापन, निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच की मांग, आरोप सही न मिलने पर FIR वापस लेने की मांग रखी, संजय निषाद के बयान पर भी जताई नाराजगी

गोरखपुर, 6 अक्टूबर 2026:
यूपी के गोरखपुर जिले के सपा के कार्यक्रम में थप्पड़कांड को लेकर बांसगांव में क्षत्रिय समाज खुलकर अंशुमान सिंह के समर्थन में उतर आया है। मंगलवार को लोग सड़क पर उतरे और नारेबाजी की। नगर पंचायत अध्यक्ष प्रीति सिंह की ओर से मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन SDM को सौंपकर मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की गई।
अंशुमान पर दर्ज मुकदमा वापस लेने की मांग
ज्ञापन में कहा गया कि किसी भी मामले में पूरी सच्चाई सामने आने से पहले एकतरफा कार्रवाई नहीं होनी चाहिए। जांच में अंशुमान सिंह पर लगाए गए आरोप सही नहीं पाए जाते हैं तो उनके खिलाफ दर्ज मुकदमे वापस लिए जाएं। इसके साथ ही FIR में हत्या के प्रयास की धारा हटाने और परिवार के खिलाफ कथित पुलिसिया उत्पीड़न रोकने की मांग भी उठाई गई।
सोमवार को हुई थी तीन घंटे की पंचायत
इससे पहले सोमवार को बांसगांव में क्षत्रिय समाज की पंचायत हुई थी। तीन घंटे से ज्यादा चली बैठक में अंशुमान सिंह के समर्थन में लोगों ने एकजुटता जताई। नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि विजय कुमार सिंह बबलू के आह्वान पर बांसगांव कस्बे की दुकानें बंद रखने की अपील भी की गई थी।

संजय निषाद के बयान पर भी जताई नाराजगी
महापंचायत में वक्ताओं ने निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डा. संजय निषाद के उस बयान पर भी प्रतिक्रिया दी, जिसमें उन्होंने हाथ उठाने वाले का हाथ काटने और जमानत कराने की बात कही थी। वक्ताओं ने इस बयान को लेकर नाराजगी जताई और डा. संजय निषाद को चेतावनी दी। कार्यक्रम में क्षत्रिय महासभा के राष्ट्रीय महामंत्री राजवीर सिंह, राष्ट्रीय प्रवक्ता कालिका सिंह, मंडल उपाध्यक्ष जेपी सिंह, मंडल महामंत्री इंद्रजीत सिंह, अजीत सिंह सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री तक मामला ले जाने की बात
वक्ताओं ने कहा कि मामले को मुख्यमंत्री तक ले जाया जाएगा। SDM को ज्ञापन देने के बाद SSP और DIG को भी ज्ञापन देने की बात कही गई। जरूरत पड़ने पर सड़क जाम करने की चेतावनी भी दी गई। महापंचायत में बड़ी संख्या में अधिवक्ता भी मौजूद रहे।
4 अक्टूबर को प्रेस कॉन्फ्रेंस में हुआ था विवाद
मामले की शुरुआत 4 अक्टूबर को सपा की पत्रकार वार्ता के दौरान हुई थी। सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष राम नगीना से इसी विधानसभा क्षेत्र से तैयारी कर रहे अंशुमान सिंह के बेटे कमलेश सिंह की कुर्सी को लेकर बहस हुई। कमलेश ने राम नगीना को थप्पड़ मार दिया था। मामला राजनीतिक रूप से गरमा गया। सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने अंशुमान सिंह को पार्टी से बाहर कर दिया। वहीं राम नगीना की ओर से अंशुमान के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज कराई गई थी। इसी बीच निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डा. संजय निषाद ने इसे निषाद समाज का अपमान बताकर सपा कार्यालय के घेराव का ऐलान किया था।
अब आगे SSP और DIG को ज्ञापन की तैयारी
बांसगांव में हुई महापंचायत के बाद क्षत्रिय समाज ने अब मामले को आगे ले जाने की तैयारी की है। SDM को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपने के बाद SSP और DIG को ज्ञापन देने की बात कही गई है। इसमें FIR से हत्या के प्रयास की धारा हटाने, परिवार के खिलाफ कथित पुलिसिया उत्पीड़न रोकने और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग प्रमुख है।






