
गोरखपुर, 24 अगस्त 2026:
यूपी के गोरखपुर जिले में जटेपुर उत्तरी के तीन पोखरिया इलाके में करीब 50 से 60 साल पुराने जर्जर भवन को नगर निगम ने सोमवार को ध्वस्त कर दिया। पुलिस बल की मौजूदगी में हुई इस कार्रवाई के बाद प्रस्तावित Convention Center के निर्माण में आ रही बड़ी बाधा हट गई। भवन लंबे समय से खाली पड़ा था, इसके कभी भी गिरने की आशंका जताई गई थी।
नगर निगम की जमीन पर बना था भवन
मौजा जटेपुर के वार्ड 27 में यह सेंटर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की विधानमंडल क्षेत्र विकास निधि के तहत प्रस्तावित है। Convention Center के लिए तय जमीन के एक हिस्से पर पुराना भवन बना हुआ था। नगर निगम के मुताबिक संपत्ति के आंशिक हिस्से पर रामसूरत का कब्जा था।
जांच के बाद घोषित किया गया था जर्जर
तहसील सदर गोरखपुर व नगर निगम की संयुक्त टीम ने मौके का निरीक्षण किया था। जांच में भवन करीब 50 से 60 साल पुराना मिला। भवन खाली था, उसकी हालत ऐसी थी कि कभी भी गिरने का खतरा बना हुआ था। इसके बाद नगर निगम अधिनियम 1959 की धारा 331 के तहत गठित तीन सदस्यीय समिति ने भवन को गिराने लायक यानी जर्जर घोषित किया।

पुलिस की मौजूदगी में हुई कार्रवाई
नगर आयुक्त अजय जैन के निर्देश पर सोमवार को ड्यूटी मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में भवन गिराया गया। कार्रवाई के दौरान इलाके में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात रहा। कुछ लोगों ने कार्रवाई का विरोध करने की कोशिश की, लेकिन पुलिस की मौजूदगी में ध्वस्तीकरण पूरा कर लिया गया। इस दौरान नगर निगम के अभियंत्रण, स्वास्थ्य, प्रवर्तन व पथ प्रकाश विभाग की टीमें मौके पर मौजूद रहीं। भवन हटने के बाद Convention Center के लिए प्रस्तावित स्थल खाली हो गया है।






