Uttarakhand Alert: भूकंप से कांपी धरती, दिल्ली-NCR तक महसूस हुए झटके
मंगलवार रात आया भूकंप, चमोली में 13 किलोमीटर गहराई में था केंद्र, घबराकर घरों से बाहर निकले लोग, फिलहाल जान-माल के नुकसान की खबर नहीं

राजकिशोर तिवारी
देहरादून, 7 अक्टूबर 2026:
उत्तराखंड की धरती मंगलवार देर रात एक बार फिर भूकंप के तेज झटकों से कांप उठी। 4.9 तीव्रता के भूकंप से उत्तराखंड के कई हिस्सों के साथ पश्चिमी उत्तर प्रदेश और दिल्ली-NCR तक कंपन महसूस की गई। रात करीब 10:23 बजे अचानक धरती हिलने से लोगों में दहशत फैल गई। कई इलाकों में लोग घबराकर घरों से बाहर निकल आए और कुछ देर तक खुले स्थानों पर रहे। राहत की बात यह है कि शुरुआती जानकारी के मुताबिक कहीं से भी जान-माल के नुकसान की खबर नहीं है।
13 किलोमीटर नीचे था भूकंप का केंद्र
नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी के मुताबिक भूकंप का केंद्र चमोली जिले में जोशीमठ से करीब 50 किलोमीटर दक्षिण में था। इसकी गहराई जमीन से करीब 13 किलोमीटर नीचे दर्ज की गई। भूकंप का अक्षांश 30.103 और देशांतर 79.561 रहा। भूकंप के झटके पौड़ी गढ़वाल, ऊधम सिंह नगर, हरिद्वार, नैनीताल और बागेश्वर समेत उत्तराखंड के कई जिलों में महसूस किए गए। पौड़ी गढ़वाल में करीब 10:26 बजे कंपन महसूस होने की सूचना है। कोटद्वार और अन्य पर्वतीय क्षेत्रों में भी लोगों ने झटके महसूस किए।
दिल्ली-NCR तक पहुंची धरती की हलचल
भूकंप का असर चमोली और उत्तराखंड तक सीमित नहीं रहा। दिल्ली, नोएडा और गाजियाबाद समेत दिल्ली-NCR के कई इलाकों में भी लोगों ने धरती में कंपन महसूस किया। अचानक आए झटकों के चलते देर रात लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
चमोली पहले से भूकंप व भू-धंसाव के लिहाज से संवेदनशील
चमोली और जोशीमठ क्षेत्र भूकंपीय गतिविधियों और भू-धंसाव के लिहाज से संवेदनशील माने जाते हैं। ऐसे में देर रात आए भूकंप ने स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ा दी। फिलहाल प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है। किसी बड़े नुकसान की सूचना सामने नहीं आई है।






