AyodhyaLucknow City

रामनगरी में अखिलेश का BJP पर हमला : CM को चुनौती, बोले- अयोध्या से चुनाव लड़कर दिखाएं, EC पर भी साधा निशाना

भागवत कथा में पहुंचे सपा प्रमुख ने कहा- हर सर्वे में पीछे छूट रही भाजपा, ‘धर्म और धन चुराने वालों’ को जनता नहीं बख्शेगी, महिलाओं को हर साल 40 हजार देने और अयोध्या के विकास का लाभ स्थानीय लोगों को दिलाने का किया वादा

लखनऊ/अयोध्या, 8 अक्टूबर 2026:

रामनगरी अयोध्या में श्रीमद्भागवत कथा के मंच से सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने गुरुवार को भाजपा और चुनाव आयोग (EC) पर जमकर निशाना साधा। ग्राम कृष्णापुर खानपुर रसूलाबाद में पार्टी नेता तेज नारायण उर्फ पवन पांडेय की ओर से आयोजित कथा में पहुंचे अखिलेश ने भाजपा पर चुनावी सर्वे को लेकर तंज कसा। उन्होंने कहा कि जब से समाजवादी पार्टी ने विधानसभा प्रत्याशियों की घोषणा की है तब से.भाजपा लगातार सर्वे करा रही है लेकिन हर सर्वे में वह पीछे छूट रही है। हालत यह है कि भाजपा को अयोध्या में प्रत्याशी तक नहीं मिल रहा।

अखिलेश यादव ने सीएम योगी को चुनौती देते हुए कहा कि अगर वह अपनी जीत को लेकर इतने ही आश्वस्त हैं। बड़े-बड़े दावे करते हैं तो खुद अयोध्या से चुनाव लड़कर दिखाएं। उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने 15 दिन में ‘दूध का दूध और पानी का पानी’ करने का दावा किया था उनके लिए अयोध्या का मैदान खाली पड़ा है। इस बार जनता उनका पानी उतार देगी।

सपा प्रमुख ने कहा कि अयोध्या ही नहीं, पूरे देश की जनता धर्म और धन चुराने वालों को बख्शने वाली नहीं है। उन्होंने चुनाव आयोग को भी निशाने पर लिया। भागवत कथा का संदर्भ देते हुए अखिलेश ने कहा कि सुदर्शन चक्र सज्जनों की रक्षा के लिए है। उन्हें डराने के लिए नहीं। सत्ता और शक्ति का इस्तेमाल जनहित के लिए होना चाहिए। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण से सीखना चाहिए कि राज छल से नहीं, प्रेम और जनमत से मिलता है।

ये भी पढ़ें:

महिलाओं को हर साल 40 हजार देने का वादा

अखिलेश ने महिलाओं को लेकर बड़ा चुनावी वादा भी किया। उन्होंने कहा कि सपा की सरकार बनने पर माताओं-बहनों को हर साल 40 हजार रुपये दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि सपा ने लैपटॉप और समाजवादी पेंशन जैसी योजनाओं के जरिए काम करके दिखाया है। भाजपा पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि नौ साल में जनता के लिए क्या दिया गया। इसका हिसाब अयोध्या की जनता लेगी।

Advertisement

ayodhya-akhilesh-yadav-bjp-yogi-election-challenge-2027 (2)

अयोध्या के विकास को लेकर अखिलेश ने कहा कि सपा की सरकार बनने पर शहर को अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाओं और विकास की गति दी जाएगी। उन्होंने आरोप लगाया कि विकास के नाम पर अयोध्यावासियों के साथ भेदभाव और अन्याय हुआ। कई लोगों के घर उजाड़े गए। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सत्ता में आने पर प्रभावित लोगों के साथ भेदभाव नहीं होगा। अयोध्या के विकास का लाभ स्थानीय लोगों को मिलेगा, ‘बाहरियों’ को नहीं। खास बात यह रही कि कथा स्थल से करीब 30 किलोमीटर दूर राम मंदिर और हनुमानगढ़ी होने के बावजूद अखिलेश यादव दर्शन के लिए नहीं गए।

डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक का पलटवार

अखिलेश के बयान पर डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने पलटवार करते हुए कहा कि सपा का सनातन संस्कृति से कोई लेना-देना नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा तुष्टीकरण और वोट बैंक की राजनीति करती है। इसलिए अखिलेश राम मंदिर जाने से बचते हैं। ब्रजेश पाठक ने कहा कि सपा नेताओं के हाथ कारसेवकों के खून से रंगे हैं। ऐसे में वे राम मंदिर कैसे जा सकते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि अल्पसंख्यकों को नाराज करने के डर से अखिलेश यादव राम मंदिर नहीं जा रहे हैं।

ये भी पढ़ें  अयोध्या में भाजपा की डबल जीत का जश्न... पार्टी दफ्तर से हनुमानगढ़ी तक गूंजे नारे

Rakesh Kumar Verma

राकेश कुमार वर्मा एक वरिष्ठ पत्रकार हैं। इन्हें मीडिया जगत में लगभग 31 वर्षों का व्यापक और समृद्ध अनुभव है। इन्होंने प्रिंट और डिजिटल दोनों ही माध्यमों में कार्य करते हुए अपनी मजबूत और प्रभावशाली उपस्थिति दर्ज कराई है। यूपी की राजधानी लखनऊ में स्वतंत्र भारत, राष्ट्रीय सहारा, जनसत्ता एक्सप्रेस,… More »

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link