Lucknow News : कांशीराम की पुण्यतिथि पर BSP में एकजुटता का संदेश, मायावती और आकाश आनंद साथ आए नजर
माल एवेन्यू स्थित पार्टी कार्यालय पर बसपा मुखिया ने आकाश आनंद व सतीश मिश्रा के साथ सभी का अभिवादन स्वीकार किया, काशीराम को पुष्प अर्पित कर बच्ची को दुलारा, प्रदेश अध्यक्ष भी रहे मौजूद

लखनऊ, 9 अक्टूबर 2026:
यूपी की राजधानी लखनऊ में बहुजन समाज पार्टी (BSP) ने शुक्रवार को संस्थापक कांशीराम के 20वें महापरिनिर्वाण दिवस पर मुख्य कार्यक्रम से पूर्व माल एवेन्यू स्थित पार्टी के केंद्रीय कैंप कार्यालय में बसपा सुप्रीमो मायावती ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस मौके पर पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद भी मौजूद रहे। प्रदेश अध्यक्ष विश्वनाथ पाल समेत हजारों की संख्या में नेता और कार्यकर्ता कार्यक्रम में पहुंचे।
सुबह से जमा होने लगी पार्टी दफ्तर पर भीड़
पार्टी कार्यालय पर सुबह से काफी भीड़ जमा थी। आकाश आनंद व सतीश मिश्रा और प्रदेश अध्यक्ष के साथ यहां मायावती ने सबसे पहले कांशीराम के चित्र पर पुष्प अर्पित किए। महिलाओं के साथ आई एक बच्ची के पास वो रुकीं उसे दुलारा फिर आगे बढ़ गईं। उन्होंने वहां जमा भीड़ का अभिवादन स्वीकार किया।

कांशीराम के मिशन को आगे बढ़ाने का संदेश
बसपा प्रदेश अध्यक्ष विश्वनाथ पाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कांशीराम को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि सामाजिक परिवर्तन और बहुजन समाज के राजनीतिक सशक्तीकरण का उनका मिशन हमेशा प्रेरणा देता रहेगा। उन्होंने पोस्ट में मायावती और आकाश आनंद की मौजूदगी का भी जिक्र किया।
मायावती ने चार बार की सरकार का किया जिक्र
मायावती ने अपने संदेश में कहा कि कांशीराम ने दलितों, आदिवासियों, पिछड़ों और दूसरे कमजोर तबकों को वोट की ताकत के जरिए सत्ता में भागीदारी दिलाने का मिशन चलाया। उनका उद्देश्य बहुजन समाज को शोषित से शासक वर्ग बनाना था।कांशीराम के संकल्प का ही नतीजा रहा कि उत्तर प्रदेश जैसे बड़े राज्य में बसपा ने उनके नेतृत्व में चार बार सरकार बनाई। उन्होंने दावा किया कि इन सरकारों के दौरान सामाजिक परिवर्तन और आर्थिक मुक्ति के लिए कई अहम काम किए गए।
फुले, शाहूजी महाराज और आंबेडकर के विचारों का जिक्र
बसपा प्रमुख ने अपने संदेश में महात्मा ज्योतिबा फुले, नारायण गुरु, राजर्षि छत्रपति शाहूजी महाराज और डॉ. भीमराव आंबेडकर के योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि इन महापुरुषों ने समता और समानता के अधिकारों के लिए संघर्ष किया। बसपा ने उनके विचारों को जमीन पर उतारने और संविधान की भावना के मुताबिक काम करने का प्रयास किया।

कानून व्यवस्था को लेकर भी रखी बात
मायावती ने अपने संदेश में बसपा सरकार के कार्यकाल में अपराध नियंत्रण, कानून व्यवस्था, जनकल्याण और विकास के कामों का भी उल्लेख किया। उन्होंने इन्हें कांशीराम के मिशन के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि बताया।






