
लखनऊ, 14 अगस्त 2026:
यूपी की राजधानी लखनऊ में हाउस टैक्स और वाटर टैक्स के बकाएदारों के लिए बड़ी राहत की खबर है। नगर निगम और जलकल विभाग की ओर से 15 अगस्त से एकमुश्त समाधान योजना (ओटीएस) शुरू की जा रही है। योजना के तहत बकाया गृहकर और जलकर पर लगने वाला पूरा ब्याज माफ किया जाएगा। इसके साथ ही बकाया टैक्स को तीन किस्तों में जमा करने की सुविधा भी मिलेगी। योजना 15 दिसंबर तक चलेगी।
इस योजना से शहर के करीब ढाई लाख भवनस्वामियों को लाभ मिलने की उम्मीद है। खास बात यह है कि सभी तरह की संपत्तियों के बकाया गृहकर और जलकर को ओटीएस के दायरे में रखा गया है। नगर निगम के अधिकारियों के मुताबिक योजना को लागू करने के लिए तकनीकी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
बकाया टैक्स पर लगता है 15 प्रतिशत की दर से ब्याज
नगर निगम बकाया गृहकर पर 15 प्रतिशत की दर से ब्याज वसूलता है। लंबे समय तक टैक्स जमा नहीं करने पर ब्याज मूल बकाये में जुड़ जाता है और अगले वर्ष उस पूरी राशि पर फिर ब्याज लगता है। इस तरह बकाया बढ़ता जाता है। कई मामलों में पुराने वर्षों का गृहकर रिवाइज होने से भवनस्वामियों पर अतिरिक्त ब्याज का बोझ भी बढ़ गया है।
शहर में 650 करोड़ रुपये का गृहकर बकाया
आंकड़ों के मुताबिक शहर में करीब 650 करोड़ रुपये का गृहकर बकाया है, जिसमें लगभग 223 करोड़ रुपये ब्याज शामिल है। वहीं जलकल विभाग का सरचार्ज सहित करीब 110 करोड़ रुपये जलकर और सीवर कर बकाया है। ओटीएस के तहत इन बकायों पर पूरा ब्याज माफ होगा।
ऑफलाइन के साथ ऑनलाइन भी कर सकेंगे आवेदन
योजना में पहली किस्त बकाये की एक-तिहाई होगी जिसे 30 दिन के भीतर जमा करना होगा। शेष दो किस्तें अगले दो महीनों में जमा की जा सकेंगी। आवेदन का निस्तारण अधिकतम 15 दिन में किया जाएगा। हालांकि, जिन भवनस्वामियों ने बकाये का पूरा या आंशिक भुगतान पहले ही कर दिया है, उन्हें योजना का लाभ नहीं मिलेगा। भवनस्वामी ऑफलाइन के साथ ऑनलाइन आवेदन भी कर सकेंगे। लोगों की मदद के लिए हेल्प डेस्क भी बनाई जाएगी। लखनऊ में सबसे अधिक 62,511 भवनस्वामी जोन-6 में ओटीएस के दायरे में हैं।
जोनवार योजना के दायरे में आने वाले भवनस्वामी
जोन-1 : 24,705
जोन-2 : 20,847
जोन-3 : 41,740
जोन-4 : 21,442
जोन-5 : 15,676
जोन-6 : 62,511
जोन-7 : 26,319
जोन-8 : 30,239






