
देहरादून, 14 अगस्त 2026:
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य की अलग-अलग विकास योजनाओं के लिए करीब 190 करोड़ रुपये की वित्तीय मंजूरी दी है। सबसे बड़ी स्वीकृति पिथौरागढ़ जिले की 12 मेगावाट तांकुल जल विद्युत परियोजना को मिली है। इस परियोजना के निर्माण के लिए पब्लिक इनवेस्टमेंट बोर्ड के जरिए 159.60 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं। इसके साथ ही चौकोड़ी स्थित पर्यटक आवास गृह के विस्तार और अपग्रेड के लिए 4.75 करोड़ रुपये की मंजूरी भी दी गई है।
टिहरी, देहरादून की सड़कों पर होगा काम
राज्य योजना के तहत टिहरी गढ़वाल के धनोल्टी विधानसभा क्षेत्र के जौनपुर ब्लॉक में सौडी लग्गा क्यारी मोटर मार्ग के पुनर्निर्माण और मजबूती के लिए 3.25 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
देहरादून जिले के सहसपुर विधानसभा क्षेत्र में झींवरेडी के सुमेरू विहार, सुद्धोवाला, सेलाकुई, उम्मेदपुर, अम्बीवाला, ठाकुरपुर और खुशालपुर के अंदरूनी क्षतिग्रस्त रास्तों पर इंटरलॉकिंग टाइल्स लगाने और मरम्मत के लिए 4.23 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं।
पौड़ी में सड़क, कोटद्वार में बनेगा नया पुल
पौड़ी विधानसभा क्षेत्र के कल्जीखाल ब्लॉक में कांसखेत, अस्गड, घंडियाल धार, अलासु, कुनकुली मोटर मार्ग के 13 से 17 किलोमीटर हिस्से के सुधार कार्य के लिए 3.45 करोड़ रुपये की मंजूरी दी गई है।
वहीं कोटद्वार विधानसभा क्षेत्र के दुगड्डा ब्लॉक में गब्बर सिंह कैंप के पास 36 मीटर स्पान वाले डबल लेन पुल के निर्माण के लिए 3.31 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
पुलिस बेड़े में शामिल होंगे 75 नए वाहन
मुख्यमंत्री ने पुलिस विभाग के लिए 75 नए वाहनों की खरीद को भी मंजूरी दी है। इनमें 21 स्कॉर्पियो, 26 बोलेरो, चार 32 सीटर बसें, आठ 24 सीटर बसें, आठ 12 सीटर बसें, पांच 11 टन ट्रक और तीन चार टन ट्रक शामिल हैं। इसके अलावा वर्ष 2025-26 में खरीदे गए पांच दंगा नियंत्रण और जैमर वाहनों के 68.01 लाख रुपये के बकाया भुगतान समेत कुल 12 करोड़ रुपये पुलिस महानिदेशक के निवर्तन पर रखने को भी मंजूरी दी गई है।






