लखनऊ, 11 जून 2026:
यूपी की राजधानी लखनऊ में बहुमंजिला इमारतों में अग्नि सुरक्षा इंतजामों की पड़ताल के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के दौरान कई होटलों में अनियमितताएं सामने आई हैं। लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) और अग्निशमन विभाग की संयुक्त टीम ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में संचालित होटलों और रेस्तरां का निरीक्षण किया। इसमें कुछ प्रतिष्ठानों में स्वीकृत मानचित्र के विपरीत निर्माण कार्य पाए गए। अब इनके खिलाफ कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
दिल्ली में हाल ही में हुए दर्दनाक होटल अग्निकांड के बाद एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने लखनऊ के बहुमंजिला भवनों में अग्नि सुरक्षा मानकों की व्यापक जांच के निर्देश दिए थे। इसी क्रम में एलडीए के प्रवर्तन विभाग और अग्निशमन विभाग की संयुक्त टीम गठित की गई है। यह टीम लगातार शहर में निरीक्षण अभियान चला रही है।
एलडीए के अपर सचिव सीपी त्रिपाठी के पर्यवेक्षण में प्रवर्तन जोन-4 के जोनल अधिकारी माधवेश कुमार तथा फायर सेफ्टी अधिकारियों की टीम ने निरालानगर क्षेत्र में विशेष अभियान चलाया। इस दौरान होटल सैंडस्टोन, होटल रेग्नेंट, होटल गोल्डन ऑर्किड, होटल नेक्टर इन, रघुवीर पैलेस, कपूर्स डॉट इन और रेनबो गोल्ड इन समेत कई प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया।
जांच के दौरान कुछ होटलों में स्वीकृत भवन मानचित्र के सापेक्ष निर्माण कार्य में आंशिक विचलन पाया गया। अधिकारियों ने संबंधित होटल मालिकों और प्रबंधकों को नोटिस जारी करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। वहीं, तीन होटल प्रबंधक निरीक्षण के समय स्वीकृत भवन मानचित्र प्रस्तुत नहीं कर सके। ऐसे प्रतिष्ठानों को तीन दिन के भीतर स्वीकृत नक्शा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
एलडीए अधिकारियों का कहना है कि अग्नि सुरक्षा मानकों से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। नियमों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उल्लेखनीय है कि एक दिन पहले भी शहर के कई होटलों की जांच में विभिन्न प्रकार की गड़बड़ियां सामने आई थीं। ऐसे में राजधानी में चल रहा यह अभियान होटल संचालकों के लिए चेतावनी साबित हो रहा है और भविष्य में भी यह कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।






