Ayodhya News : जेएनयू मामले में कांग्रेस की चुप्पी पर भड़की भाजपा, महिला मोर्चा का प्रदर्शम, कांफ्रेंस दफ्तर घेरा
जेएनयू में प्रोफेसर व कांग्रेस सांसद के खिलाफ 11 छात्राओं ने की थी यौन शोषण की शिकायत, बर्खास्तगी के बाद दर्ज हुई एफआईआर, भाजपा महिला मोर्चा ने शिकायतों का हवाला देकर कांग्रेस नेतृत्व से मांगा जवाब, कहा कांग्रेस नेतृत्व को जवाब देना चाहिए

अनिल निषाद
अयोध्या, 12 अक्टूबर 2026:
जेएनयू में यौन उत्पीड़न के आरोपों को लेकर कांग्रेस सांसद प्रो. अंगोमचा बिमोल अकोइजम के खिलाफ हुई कार्रवाई का मुद्दा यूपी के अयोध्या में गरमा गया है। मामले में कांग्रेस नेतृत्व पर चुप्पी का आरोप लगाते हुए अयोध्या भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने सोमवार को रिकाबगंज स्थित कांग्रेस कार्यालय कमला नेहरू भवन का घेराव किया। प्रदर्शनकारी महिलाओं ने नारेबाजी करते हुए कांग्रेस से अपना रुख स्पष्ट करने की मांग की।
जुलूस निकालकर कांग्रेस दफ्तर पहुंचा महिला मोर्चा
भाजपा महिला मोर्चा की क्षेत्रीय मंत्री सुमन शुक्ला के नेतृत्व में कार्यकर्ता रिकाबगंज में जुटीं। इसके बाद जुलूस की शक्ल में कांग्रेस कार्यालय पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया। महिला कार्यकर्ताओं ने आरोपों को गंभीर बताते हुए महिला सुरक्षा और राजनीतिक दलों की जवाबदेही का सवाल उठाया। प्रदर्शन के दौरान जेएनयू में दर्ज शिकायतों का हवाला दिया गया।
बताई सांसद की करतूत और कांग्रेस की चुप्पी पर दागे सवाल
नेताओं ने कहा कि 11 छात्राओं की शिकायतों के बाद विश्वविद्यालय की आंतरिक समिति ने मामले की जांच की थी। इसके बाद 9 अक्टूबर को कांग्रेस सांसद प्रो. अंगोमचा बिमोल अकोइजम को विश्वविद्यालय से तत्काल प्रभाव से बर्खास्त करने का आदेश जारी किया गया। भाजपा महिला मोर्चा ने इसी कार्रवाई का हवाला देते हुए कांग्रेस नेतृत्व से मामले में स्पष्ट रुख अपनाने की मांग रखी।

महिला सम्मान व सुरक्षा सिर्फ कांग्रेस के भाषणों तक
क्षेत्रीय मंत्री सुमन शुक्ला ने कहा कि महिला सम्मान और सुरक्षा को केवल भाषणों तक सीमित नहीं रखा जा सकता। छात्राओं की ओर से गंभीर शिकायतें सामने आने और विश्वविद्यालय की जांच के बाद कार्रवाई किए जाने पर कांग्रेस नेतृत्व को अपनी स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए। भाजपा महानगर अध्यक्ष कमलेश श्रीवास्तव ने कहा कि महिलाओं के अधिकारों की बात करने वाले राजनीतिक दलों को ऐसे मामलों में भी स्पष्ट रुख अपनाना चाहिए। महानगर उपाध्यक्ष रीना द्विवेदी ने महिलाओं की शिकायतों को गंभीरता से लेने की जरूरत बताई।
प्रदर्शन में दिखा महिलाओं का आक्रोश
प्रदर्शन में अशोका द्विवेदी, अंजू पांडेय, डॉ. विजय लक्ष्मी जायसवाल, गरिमा मौर्य, प्रतिमा शुक्ला, नीता शर्मा, शारदा सोनी, ममता श्रीवास्तव, अनीता द्विवेदी, स्वर्णलता शुक्ला, सुधा पांडेय और सुनीता गुप्ता समेत बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता शामिल रहीं।






