UP में Global Investment बढ़ाने की तैयारी, सिंगापुर के प्रतिनिधिमंडल से आज मिलेंगे योगी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 2017 के बाद प्रदेश में निवेश और औद्योगिक विकास में आए बदलाव गिनाए, कहा- हर निवेश से उद्योग और हर उद्योग से पैदा होगा रोजगार
लखनऊ, 28 अक्टूबर 2026:
यूपी को देश के प्रमुख निवेश और औद्योगिक केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में प्रदेश सरकार लगातार प्रयास कर रही है। सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश आज इन्वेस्टमेंट, इनोवेशन और इंडस्ट्री का प्रमुख केंद्र बन रहा है। बेहतर कानून-व्यवस्था, पारदर्शी नीतियों और निवेश अनुकूल वातावरण के चलते प्रदेश में वैश्विक निवेशकों का भरोसा बढ़ा है। मुख्यमंत्री ने बुधवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर प्रदेश में वर्ष 2017 के बाद आए बदलावों का उल्लेख करते हुए पिछली सरकार पर भी निशाना साधा।
2017 के बाद बदली निवेश और उद्योग की तस्वीर
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में वैश्विक निवेश आकर्षित करने के लिए न तो स्पष्ट दृष्टि थी और न ही कोई ठोस कार्ययोजना। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार ने इस स्थिति को बदला है। रिफॉर्म, परफॉर्म और ट्रांसफॉर्म के मंत्र के साथ प्रदेश में निवेश और औद्योगिक विकास की नई कार्यसंस्कृति विकसित की गई है।
सिंगापुर के प्रतिनिधिमंडल से निवेश पर होगी चर्चा
यूपी में निवेश की संभावनाओं को विस्तार देने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार को सिंगापुर के प्रतिनिधिमंडल के साथ बैठक करेंगे। इस बैठक में प्रदेश में निवेश के नए अवसरों, मौजूदा परियोजनाओं को गति देने और निवेश को जमीन पर उतारकर उत्पादन शुरू कराने जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा होगी।
वर्ष 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में वैश्विक निवेश आकर्षित करने की न स्पष्ट दृष्टि थी, न कोई ठोस कार्ययोजना। किन्तु डबल इंजन सरकार ने इस स्थिति को बदला।
आदरणीय प्रधानमंत्री श्री @narendramodi जी के यशस्वी नेतृत्व ने रिफॉर्म, परफॉर्म और ट्रांसफॉर्म के मंत्र से प्रदेश में निवेश एवं औद्योगिक विकास की नई कार्य-संस्कृति विकसित की।
बेहतर कानून-व्यवस्था, पारदर्शी नीतियों और निवेश अनुकूल वातावरण से आज उत्तर प्रदेश इन्वेस्टमेंट, इनोवेशन एवं इंडस्ट्री का प्रमुख केंद्र बन रहा है।
इसी बढ़ते वैश्विक विश्वास को नई ऊंचाई देने के लिए आज सिंगापुर के डेलीगेशन के साथ बैठक में उत्तर प्रदेश में निवेश की नई संभावनाओं, वर्तमान की परियोजनाओं को गति देने और निवेश को धरातल पर उतारकर उत्पादन शुरू करने पर चर्चा होगी।
हर निवेश से नया उद्योग, हर उद्योग से नया रोजगार और हर रोजगार से परिवारों में खुशहाली, इसी संकल्प के साथ उत्तर प्रदेश वन ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनने की ओर अग्रसर है।
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) October 28, 2026
वन ट्रिलियन डॉलर इकोनॉमी बनाने का लक्ष्य
सरकार का जोर निवेश प्रस्तावों को वास्तविक औद्योगिक गतिविधियों और रोजगार के अवसरों में बदलने पर है। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश वन ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। सरकार का संकल्प है कि हर निवेश से नया उद्योग, हर उद्योग से नया रोजगार और हर रोजगार से परिवारों में खुशहाली आए।






