Indian Hockey Team : 12 मिनट में पलटी फाइनल की तस्वीर, भारत ने जापान को 4-1 से हराकर लगातार तीसरी बार जीता खिताब
Asian Champions Trophy 2026 : शुरुआती मिनट में पिछड़ने के बाद भारत ने दूसरे हाफ में दिखाया दम, लगातार तीसरी बार जीता खिताब, हर खिलाड़ी को मिलेंगे 3 लाख रुपये
स्पोर्ट्स डेस्क, 6 नवंबर 2026:
भारत की पुरुष हॉकी टीम ने एशियन चैंपियंस ट्रॉफी में एक बार फिर अपना दबदबा साबित किया है। पंजाब के मोहाली में खेले गए फाइनल में भारतीय टीम ने जापान को 4-1 से हराकर छठी बार खिताब अपने नाम कर लिया। इसके साथ ही भारत ने लगातार तीसरी बार ट्रॉफी जीतने की हैट्रिक भी पूरी कर ली। इससे पहले टीम 2011, 2016, 2018, 2023 और 2024 में चैंपियन बनी थी।
जापान ने तीसरे मिनट में बनाई बढ़त
फाइनल की शुरुआत भारत के लिए अच्छी नहीं रही। मैच के तीसरे मिनट में काजुमासा मात्सुमोतो ने मैदानी गोल कर जापान को 1-0 से आगे कर दिया। उनके टोमाहॉक शॉट ने भारतीय टीम को शुरुआती झटका दिया। पहले हाफ में भारत ने बराबरी के लिए कई कोशिशें कीं, लेकिन जापानी डिफेंस को भेदने में कामयाब नहीं हो सका। 20वें मिनट में जापान को लगातार दो पेनल्टी कॉर्नर मिले, हालांकि भारतीय खिलाड़ियों ने दोनों मौकों पर गोल बचा लिया।

दूसरे हाफ में भारत ने बदला मैच
मैच में वापसी के लिए भारतीय टीम ने दूसरे हाफ में आक्रामक रुख अपनाया। 33वें मिनट में भारत को पहला पेनल्टी कॉर्नर मिला, लेकिन कप्तान हरमनप्रीत सिंह का फ्लिक जापानी गोलकीपर किशो कुरोदा ने रोक दिया। इसके बाद 42वें मिनट में आदित्य अर्जुन लालागे के पास पर शिलानंद लाकड़ा ने रिबाउंड से गोल कर स्कोर 1-1 कर दिया।

छह मिनट में दागे तीन गोल
बराबरी के बाद भारतीय खिलाड़ियों ने जापान पर दबाव बढ़ा दिया। 48वें मिनट में हार्दिक सिंह के शानदार पास पर दिलप्रीत सिंह ने रिवर्स हिट से गोल कर भारत को 2-1 की बढ़त दिलाई। इसके बाद 53वें मिनट में जुगराज सिंह ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर स्कोर 3-1 कर दिया। अगले ही मिनट यानी 54वें मिनट में विवेक सागर प्रसाद ने जोरदार शॉट लगाकर भारत का चौथा गोल दाग दिया।
PRESENTING THE UNBEATEN CHAMPIONS – TEAM INDIA! 🇮🇳🏆
Five wins in five league-stage matches, an unbeaten run through the tournament and a commanding 4-1 victory over Japan in the Final! The defending champions have conquered it all to retain their crown at the Hero Asian Champions Trophy Punjab 2026! 🔥🏑
UNBEATEN. UNSTOPPABLE. SIX TIME WINNERS NOW & A HAT-TRICK OF ACT TITLES. ❤️
#HockeyIsBack #HACT2026 #SatSriAkalAsia #IndiaKaGame
— Hockey India (@TheHockeyIndia) November 5, 2026
हार्दिक ने खेला 200वां अंतरराष्ट्रीय मैच
भारतीय उप कप्तान हार्दिक सिंह के लिए यह मुकाबला खास रहा। उन्होंने अपना 200वां अंतरराष्ट्रीय मैच खेला। मिडफील्ड में उनकी भूमिका अहम रही। उन्होंने कई अच्छे पास देकर गोल के मौके बनाए। वहीं जरमनप्रीत सिंह ने डिफेंस में मजबूत प्रदर्शन किया। मैच के आखिरी 12 सेकेंड में जापान को पेनल्टी कॉर्नर मिला, लेकिन कप्तान राइकी फुजीशिमा इसे गोल में नहीं बदल सके। भारत ने पूरे टूर्नामेंट में अपना अजेय रिकॉर्ड कायम रखा।

खिलाड़ियों को मिलेगी तीन लाख रुपये की इनामी राशि
खिताबी जीत के बाद हॉकी इंडिया ने टीम के लिए इनाम का ऐलान किया है। विजेता टीम के प्रत्येक खिलाड़ी को 3 लाख रुपये दिए जाएंगे। वहीं सपोर्ट स्टाफ के हर सदस्य को 1.5 लाख रुपये की इनामी राशि मिलेगी।






