“योगी के काम से प्रभावित, मिल्कीपुर में मुस्लिम दें बीजेपी को वोट: बाबरी पक्षकार इकबाल अंसारी”

मिल्कीपुर,28 जनवरी 2025
मिल्कीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर सरगर्मियां तेज हैं। यहां पांच फरवरी को मतदान होगा और नतीजे आठ फरवरी को आएंगे। इस बीच बाबरी मस्जिद विवाद के पक्षकार रहे इकबाल अंसारी ने मिल्कीपुर के मुसलमानों से बीजेपी प्रत्याशी चंद्रभान पासवान को वोट देने की अपील की है। उनका कहना है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या का काफी विकास किया है। अयोध्या की सड़कों और नगर की खूबसूरती में सुधार हुआ है, लोगों को रोजगार मिल रहा है, और शहर की पहचान बदल रही है। अंसारी ने कहा कि बीजेपी अब अयोध्या विवाद को पीछे छोड़ चुकी है और विकास पर ध्यान दे रही है।
इकबाल अंसारी का मानना है कि मिल्कीपुर में भी बीजेपी की जीत से अयोध्या की तरह विकास होगा। उन्होंने मुसलमानों से कहा कि उन्हें योगी सरकार द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों को देखते हुए बीजेपी को समर्थन देना चाहिए। वहीं, सपा ने इस सीट पर अवधेश प्रसाद के बेटे अजीत प्रसाद को अपना प्रत्याशी बनाया है। यह सीट अवधेश प्रसाद के सांसद बनने के बाद खाली हुई थी। चुनाव प्रचार के तहत सपा की ओर से डिंपल यादव और अखिलेश यादव की रैलियां भी प्रस्तावित हैं।






