National

राजस्थान में 1000 करोड़ के साइबर फ्रॉड का खुलासा, IIT ग्रेजुएट मास्टरमाइंड फरार

भरतपुर, 9 मई 2025
राजस्थान के भरतपुर जिले में देश के सबसे बड़े साइबर फ्रॉड रैकेट का पर्दाफाश हुआ है, जिसकी अनुमानित ठगी राशि 1000 करोड़ रुपये तक पहुंच सकती है। इस रैकेट का मास्टरमाइंड प्रयागराज निवासी और IIT स्नातक शशिकांत सिंह बताया जा रहा है, जो फिलहाल फरार है। पुलिस ने इस केस में MBA और इंजीनियरिंग डिग्रीधारी आरोपियों समेत कई लोगों को गिरफ्तार किया है।

भरतपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक राहुल प्रकाश ने बताया कि यह गैंग फर्जी गेमिंग ऐप्स और इन्वेस्टमेंट कंपनियों के ज़रिए लोगों को झांसा देकर ठगी करता था। शुरुआती जांच में 400 करोड़ रुपये की ठगी सामने आई है, जो बढ़कर 1000 करोड़ तक जा सकती है। आरोपी शशिकांत सिंह ने अपने साथियों के नाम पर फर्जी कंपनियां खोलीं और उन्हें मासिक वेतन पर डायरेक्टर बना दिया।

धौलपुर निवासी हरिसिंह की शिकायत के बाद यह रैकेट उजागर हुआ, जिसने बताया कि उसके 35 लाख रुपये चार अलग-अलग कंपनियों के खातों में ट्रांसफर हो गए थे। पुलिस ने जब इन खातों की जांच की तो सामने आया कि केवल चार महीनों में इनसे 400 करोड़ रुपये का लेनदेन हुआ है। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए इन चार कंपनियों – जिनमें रुकनेक इंटरप्राइजेज शामिल है – के बैंक खातों को फ्रीज कर दिया और 4 करोड़ रुपये की राशि जब्त की।

चौंकाने वाली बात यह है कि यह ठगी फिनो पेमेंट बैंक के माध्यम से की जा रही थी, जिसके खिलाफ पहले से ही साइबर हेल्पलाइन पोर्टल 1930 पर 4000 से अधिक शिकायतें दर्ज हैं। पुलिस का कहना है कि पढ़े-लिखे युवा किस तरह साइबर अपराध की ओर बढ़ रहे हैं, यह मामला उसका बड़ा उदाहरण है। मास्टरमाइंड की तलाश जारी है और जल्द गिरफ्तारी की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button