Uttar Pradesh

केंद्रीय मंत्री अठावले ने राहुल-अखिलेश को बताया संविधान विरोधी, कहा-आरपीआई लड़ेगी यूपी में चुनाव

मयंक चावला

आगरा, 4 अगस्त 2025:

यूपी के आगरा में आयोजित एक कार्यक्रम में पहुंचे केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री और रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (आरपीआई) के राष्ट्रीय अध्यक्ष रामदास अठावले ने रविवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी और सपा मुखिया अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला। उन्होंने दोनों नेताओं को संविधान विरोधी करार देते हुए कहा कि देश में केवल उन्हीं लोगों को रहने का अधिकार है जो संविधान का सम्मान करते हैं।

उन्होंने कहा कि राहुल गांधी और अखिलेश यादव समाज को बांटने का काम कर रहे हैं। ये दोनों संविधान के दुश्मन हैं। देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर करने की कोशिश कर रहे हैं। राहुल गांधी के उस बयान की आलोचना की जिसमें कांग्रेस नेता ने भारत की अर्थव्यवस्था को “मृत” बताया था। इसके जवाब में अठावले ने कहा कि देश की अर्थव्यवस्था आज मजबूत स्थिति में है। कांग्रेस जरूर मृत अवस्था में पहुंच चुकी है। राहुल गांधी देश विरोधी बयान देते हैं। उन्हें अपने देश की चिंता कम और पाकिस्तान की चिंता ज्यादा है।

अठावले ने आजाद समाज पार्टी के नेता एवं सांसद चंद्रशेखर को भी रिपब्लिकन पार्टी में शामिल होने का न्योता देते हुए कहा कि अब वक्त आ गया है कि दलित, पिछड़े और सर्वधर्म के लोग एक मंच पर आएं और आरपीआई को मजबूत बनाएं।

बसपा पर निशाना साधते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि अब वह कमजोर हो चुकी है। उन्होंने मायावती को चार बार मुख्यमंत्री बनाए जाने का श्रेय कांशीराम को दिया। कहा कि दलितों को अब नए राजनीतिक विकल्प की ओर देखना चाहिए।

पीएम नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ की सराहना करते हुए अठावले ने कहा कि भाजपा का नेतृत्व लगातार देश को मजबूत कर रहा है। उन्होंने ऐलान किया कि आरपीआई उत्तर प्रदेश में आगामी पंचायत और विधानसभा चुनाव लड़ेगी।

ये भी पढ़ें  गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमतों पर कांग्रेस का प्रदर्शन, कहा...महंगाई काबू करने में सरकार फेल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button