Uttar Pradesh

मुंबई में मराठा आरक्षण आंदोलन तेज, मनोज जरांगे की भूख हड़ताल दूसरे दिन भी जारी

मुंबई, 30 अगस्त 2025:

मराठा आरक्षण की मांग को लेकर मुंबई के आजाद मैदान में आंदोलन तेज हो गया है। आंदोलनकारी नेता मनोज जरांगे की भूख हड़ताल शनिवार को दूसरे दिन भी जारी रही। जरांगे ने चेतावनी दी है कि अगर सरकार ने जल्द फैसला नहीं लिया तो वे अगले दो दिनों में पानी पीना भी बंद कर देंगे।

शुक्रवार रात हुई बारिश के बाद मैदान गीला हो गया, जिससे आंदोलनकारियों को कीचड़, शौचालय और पानी की कमी जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। इसके बावजूद मराठा आरक्षण समर्थकों की भीड़ लगातार बढ़ रही है।

ये भी पढ़ें:

जरांगे ने मांग की है कि मराठा समुदाय को ओबीसी वर्ग के तहत कुनबी श्रेणी में मान्यता दी जाए, ताकि नौकरियों और शिक्षा में आरक्षण का लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि हमने कभी ओबीसी कोटा कम करने की मांग नहीं की। हम सिर्फ अपने हक की मांग कर रहे हैं। सरकार मराठा समाज के धैर्य की परीक्षा न ले।

इस बीच महाराष्ट्र के सीएम देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि राज्य सरकार मराठा समुदाय के सामाजिक और आर्थिक मुद्दों को हल करने के लिए सकारात्मक है। उन्होंने आश्वासन दिया कि कैबिनेट की उप-समिति सांविधानिक ढांचे के भीतर समाधान निकालने पर चर्चा कर रही है।

विपक्षी दलों के कई सांसद और विधायक भी जरांगे से मिलने पहुंचे और आंदोलन को समर्थन दिया। वहीं, प्रदर्शनकारियों ने मुंबई नगर निगम पर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध न कराने का आरोप लगाया।

आंदोलन को देखते हुए मुंबई पुलिस ने एहतियात के तौर पर 2,000 से अधिक जवानों की तैनाती की है और सभी पुलिसकर्मियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं। दक्षिण मुंबई में हजारों मराठा समर्थकों के जुटने से स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है।

ये भी पढ़ें  लखनऊ : 69 हजार शिक्षक भर्ती के अभ्यर्थियों ने घेरा डिप्टी सीएम आवास, पुलिस ने हटाया

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button