Varanasi

नारी सम्मान पर सियासत तेज : अजय राय का मोदी पर वार, बोले… PM करते हैं दिखावा

वाराणसी में पत्नी संग प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने भाजपा को घेरा, महिला आरक्षण और नीतियों पर उठाए गंभीर सवाल

विकास गोंड

वाराणसी, 22 अप्रैल 2026:

लोकसभा में महिला आरक्षण से जुड़े संशोधन विधेयक के गिरने के बाद राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है। इसी क्रम में वाराणसी पहुंचे कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने महिला सम्मान के मुद्दे पर भाजपा और केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला।

बुधवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में अजय राय अपनी पत्नी के साथ मंच पर नजर आए। इस दौरान उन्होंने पीएम मोदी पर सीधे निशाना साधते हुए कहा कि वे वास्तव में नारी शक्ति के सम्मान का दिखावा करते हैं। आरोप लगाया कि भाजपा नारी शक्ति के नाम पर देश की जनता को गुमराह कर रही है।

उन्होंने कहा कि महिला सशक्तिकरण को लेकर बड़े-बड़े दावे किए जा रहे हैं लेकिन जमीनी हकीकत इससे बिल्कुल अलग है। उनके अनुसार महिलाओं के मुद्दों का इस्तेमाल केवल राजनीतिक लाभ के लिए किया जा रहा है।

महिला आरक्षण को लेकर भी कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने भाजपा की मंशा पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण विधेयक पहले ही पारित हो चुका है। उसे लागू करने के बजाय सरकार अन्य विकल्पों पर विचार कर रही है। यह कदम महिलाओं को वास्तविक अधिकार देने के बजाय एक राजनीतिक रणनीति का हिस्सा प्रतीत होता है।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में पत्नी की मौजूदगी को लेकर अजय राय ने कहा कि यह कांग्रेस का स्पष्ट संदेश है कि पार्टी महिलाओं की भागीदारी और सम्मान को लेकर गंभीर है। उन्होंने जोर देकर कहा कि समाज में महिलाओं की भूमिका अहम है। उन्हें हर क्षेत्र में बराबरी का अधिकार मिलना चाहिए।

इस दौरान कांग्रेस नेता ने भाजपा पर यह भी आरोप लगाया कि वह नारी सम्मान के नाम पर केवल प्रचार कर रही है। महिलाओं से जुड़े मुद्दों पर ठोस कदम उठाने में नाकाम रही है। उन्होंने कहा कि महिलाओं के अधिकार सुनिश्चित करने के लिए ईमानदार प्रयास जरूरी हैं। केवल राजनीतिक बयानबाजी नहीं होनी चाहिए।

READ MORE 

ये भी पढ़ें  12 लाख शिक्षकों को कैशलेस इलाज, 1 करोड़ तक का बीमा, CM योगी की शिक्षा परिवार को बड़ी सौगात

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button