योगेंद्र मलिक
हरिद्वार, 22 अप्रैल 2026:
उत्तराखंड के हरिद्वार जिले में सरकारी जमीन पर कब्जा कर बनाई गई एक अवैध मजार पर प्रशासन ने बड़ा बुलडोजर एक्शन करते हुए उसे ध्वस्त कर दिया। यह कार्रवाई बुधवार सुबह गरहमीरपुर तहसील क्षेत्र के सुमननगर में सिंचाई विभाग की भूमि पर की गई।
जिला प्रशासन के अनुसार इस अवैध निर्माण को हटाने से पहले पूरी विधिक प्रक्रिया अपनाई गई थी। करीब एक माह पूर्व मजार से जुड़े खादिमों को नोटिस जारी कर भूमि और निर्माण से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा गया था। हालांकि निर्धारित समय सीमा के भीतर कोई भी प्रमाण प्रस्तुत नहीं किया गया।
इसके बाद प्रशासन ने जेसीबी मशीनों की मदद से अवैध मजार को ध्वस्त कर दिया। मौके पर मौजूद एसडीएम जितेन्द्र सिंह ने बताया कि कार्रवाई से पहले खादिमों ने अपना जरूरी सामान खुद ही हटा लिया था। इससे किसी प्रकार का विवाद नहीं हुआ।
प्रशासन का कहना है कि ध्वस्तीकरण के दौरान संरचना के नीचे किसी भी प्रकार के धार्मिक या ऐतिहासिक अवशेष नहीं मिले। इस कार्रवाई के जरिए कुल 8 बीघा सरकारी जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराया गया है। डीएम मयूर दीक्षित ने स्पष्ट किया कि यह कार्रवाई राज्य सरकार के अतिक्रमण हटाओ अभियान के तहत की गई है। इसका मकसद सरकारी भूमि को अवैध कब्जों से मुक्त कराना है।
मालूम हो कि सीएम पुष्कर सिंह धामी पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि देवभूमि उत्तराखंड विशेषकर हरिद्वार के सांस्कृतिक स्वरूप को बनाए रखना सरकार की प्राथमिकता है। उनके निर्देश पर अब तक 600 से अधिक अवैध निर्माणों को हटाया जा चुका है।






