Uttar Pradesh

UP : MLA राजा भइया पर पत्नी भानवी के गंभीर आरोप : शेयर किया हथियारों के जखीरे का वीडियो

लखनऊ, 24 सितंबर 2025:

यूपी के बाहुबली विधायक एवं जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के राष्ट्रीय अध्यक्ष रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भइया पर उनकी पत्नी भानवी सिंह ने एक बार फिर गंभीर आरोप लगाए हैं। बुधवार को भानवी सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक वीडियो और फोटो साझा कीं, जिनमें बड़ी संख्या में खतरनाक किस्म के हथियार दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि ये राजा भइया के पास मौजूद अवैध हथियारों का जखीरा है। हालांकि वीडियो में दिख रहे हथियार राजा भइया के होने की पुष्टि “दि हो हल्ला” नहीं करता है।

भानवी सिंह ने हथियारों के साथ एक लड़की की तस्वीर भी पोस्ट की है। उन्होंने लिखा… “जब से मैंने पीएमओ और गृह मंत्रालय से शिकायत की है, तब से मेरे चरित्र हनन के लिए पानी की तरह पैसा बहाया जा रहा है। भानवी का कहना है कि जून 2025 में उन्होंने पीएमओ को लिखित शिकायत भेजकर राजा भइया पर अवैध हथियार रखने का आरोप लगाया था। इसके बाद भी कार्रवाई की जगह उल्टा उनके खिलाफ दुष्प्रचार शुरू कर दिया गया।

उन्होंने सवाल उठाए कि क्या इतनी बड़ी मात्रा में खतरनाक हथियार रखने की अनुमति किसी व्यक्ति को दी जा सकती है? क्या यह संगीन अपराध नहीं है और क्या ऐसे शस्त्रों से जनता की सुरक्षा को खतरा नहीं है?

भानवी का यह भी आरोप है कि संबंधित एजेंसियों को सबूत सौंपने के बावजूद जांच में ढिलाई बरती जा रही है और सबूतों से छेड़छाड़ की आशंका बनी हुई है।

वहीं, राजा भइया के करीबी इन आरोपों को झूठा और भ्रामक बता चुके हैं। उनका कहना है कि भानवी सिंह पिछले 10 वर्षों से अलग रह रही हैं। साथ ही उन्होंने भानवी की मानसिक स्थिति पर भी सवाल खड़े किए थे।

इस बीच, दुबई कनेक्शन का भी जिक्र आया है। भानवी का कहना है कि दुबई निवासी यशोधन शेट्टी के खिलाफ भी शिकायत दर्ज कराई गई है और वहां कानूनी जांच चल रही है। दूसरी तरफ भानवी सिंह के ताजा आरोपों के संबंध राजा भइया की तरफ से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।

ये भी पढ़ें  सीएम बोले…डरते है दंगाई, कुछ किया तो गरीबों में बंटेगी बाप-दादा की कमाई

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button