लखनऊ में AAP का जोरदार प्रदर्शन : पुलिस ने नेताओं को हिरासत में लिया, जानें क्या है पूरा मामला

लखनऊ, 10 अक्टूबर 2025:

देश के मुख्य न्यायाधीश बीआर गवई पर जूता फेंकने की घटना के विरोध में शुक्रवार को आम आदमी पार्टी (AAP) के कार्यकर्ताओं ने यूपी की राजधानी लखनऊ में कलेक्ट्रेट के पास स्वास्थ्य भवन चौराहे पर जोरदार प्रदर्शन किया। पार्टी नेताओं ने इसे न केवल चीफ जस्टिस पर हमला बल्कि लोकतंत्र और संविधान का खुला अपमान बताया।

प्रदेश प्रभारी संजय सिंह के निर्देश पर शुक्रवार को प्रदेश में कई स्थानों पर विरोध प्रदर्शन किए गए। लखनऊ में अयोध्या प्रांत अध्यक्ष विनय पटेल और जिलाध्यक्ष इरम रिजवी के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे। पुलिस ने सभी प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेकर इको गार्डन भेज दिया।

इस दौरान विनय पटेल ने कहा कि देश के इतिहास में पहली बार किसी चीफ जस्टिस का इस तरह से अपमान हुआ है। यह लोकतंत्र पर गंभीर चोट है। हमारी मांग है कि आरोपी को ऐसी सजा दी जाए, जिससे भविष्य में कोई भी इस तरह का दुस्साहस न कर सके।

इरम रिजवी ने कहा कि चीफ जस्टिस पर जूता फेंकना बेहद शर्मनाक और गंभीर अपराध है। आरोपी पर रासुका के तहत कार्रवाई की जानी चाहिए। यह न सिर्फ न्यायपालिका पर हमला है, बल्कि संविधान की मर्यादा पर भी चोट है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह हमला गवई के दलित समुदाय से आने के कारण हुआ, जो समाज में व्याप्त भेदभाव को उजागर करता है।

पार्टी ने चेतावनी दी है कि न्यायपालिका की गरिमा की रक्षा के लिए यह आंदोलन आगे भी जारी रहेगा। प्रदर्शन में पार्टी के मुख्य प्रवक्ता वंशराज दुबे, प्रांत महासचिव अतुल सिंह, प्रखर श्रीवास्तव, बीएन खरे, अंकित परिहार, मनोज मिश्रा, अभिषेक सिंह सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे।

Back to top button