लखनऊ : प्रेमी युगल ने जहर खाकर जान दी… कार के अंदर मिलीं दोनों की लाशें
लखनऊ, 13 अक्टूबर 2025:
यूपी की राजधानी लखनऊ के गोसाईगंज थाना क्षेत्र के आउटर रिंग रोड पर एक प्रेमी जोड़े ने कार में जहर खाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने दोनों को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
बताया जा रहा है कि घटना रविवार रात को प्रेमी जोड़े ने सड़क किनारे कार खड़ी करके उसी में जहर खाया। जब हालत बिगड़ने लगी तो युवक ने अपने भाई को लोकेशन भेजकर बताया कि उसने अपनी प्रेमिका के साथ जहर खा लिया है। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे। पुलिस जांच में मृतक युवक की पहचान 21 वर्षीय सुभाष रावत, निवासी अजनहर जानकीपुरम के रूप में हुई। वहीं, प्रेमिका आलमबाग थाना क्षेत्र की 15 वर्षीय किशोरी बताई जा रही है। दोनों के बीच काफी समय से प्रेम संबंध था। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आखिर किस वजह से दोनों ने यह कदम उठाया।
शुरुआती छानबीन में पता चला है कि सुभाष रावत ओला कैब चलाता था। रविवार को वह ओला चलाने के लिए घर से निकला था। रात करीब 8 बजे उसने अपने भाई पंकज को आउटर रिंग रोड की लोकेशन भेजी और बताया कि उसने अपनी प्रेमिका के साथ जहर खा लिया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और दोनों के मोबाइल फोन जब्त कर कॉल डिटेल्स खंगाली जा रही हैं।






