Lucknow City

लखनऊ में डीजीपी ने किया दीप्ति शर्मा का भव्य स्वागत, क्रिकेटर ने कहा …यूपी पुलिस मेरे लिए परिवार जैसी

पुलिस मुख्यालय पर हुआ सम्मान समारोह, महिला पुलिसकर्मियों में दिखा भारी उत्साह, दीप्ति ने कहा क्रिकेट और पुलिस सेवा दोनों ही मेरे सम्मान की जिम्मेदारी

लखनऊ, 14 नवंबर 2025:

भारतीय महिला क्रिकेट टीम की स्टार ऑलराउंडर और यूपी पुलिस में डीएसपी दीप्ति शर्मा का शुक्रवार को लखनऊ स्थित पुलिस मुख्यालय में गर्मजोशी से स्वागत किया गया। डीजीपी ने उन्हें विभाग का गौरव बताया तो दीप्ति ने यूपी पुलिस को अपने परिवार जैसा कहा। अपने खास डीएसपी के स्वागत में पुलिस मुख्यालय कई बार तालियों से गूंज उठा।

शहीद पथ स्थित पुलिस मुख्यालय में आयोजित सम्मान समारोह में जैसे ही दीप्ति पहुंचीं, जवानों और अधिकारियों में उत्साह की लहर दौड़ गई। महिला पुलिसकर्मियों ने उनसे मिलने की इच्छा जताई और दीप्ति ने मुस्कुराते हुए सभी के साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं। उत्तर प्रदेश के डीजीपी राजीव कृष्ण ने स्वयं दीप्ति का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि दीप्ति केवल भारतीय क्रिकेट टीम का गौरव ही नहीं, बल्कि यूपी पुलिस की शान भी हैं। डीजीपी ने कहा दीप्ति शर्मा अनुशासन, मेहनत और उत्कृष्ट खेल प्रदर्शन की मिसाल हैं। पुलिस सेवा में उनका योगदान हमारे लिए सम्मान की बात है। उनकी सफलता युवाओं के लिए प्रेरणा है जो खेल और सरकारी सेवा दोनों में करियर बनाना चाहते हैं।

सम्मान समारोह के दौरान दीप्ति भावुक भी नजर आईं। उन्होंने कहा यूपी पुलिस परिवार से मिलकर बेहद सम्मानित महसूस कर रही हूँ। क्रिकेट जितना मेरा जुनून है, उतनी ही जिम्मेदारी मैं एक पुलिस अधिकारी के रूप में भी महसूस करती हूँ। यह सम्मान मेरे लिए यादगार है। दीप्ति ने आगे कहा कि वह आने वाले समय में अपने प्रदर्शन और कार्य के माध्यम से देश और प्रदेश का नाम लगातार रोशन करती रहेंगी।

ये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें  90 हजार शहरी लाभार्थियों को ‘घर’ का तोहफा देंगे CM योगी, सिंगल क्लिक से जारी होगी पहली किस्त

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button