राजकिशोर तिवारी
देहरादून, 17 जनवरी 2026:
उत्तराखंड के सीएम धामी के निर्देशों के तहत गढ़वाल मंडल आयुक्त विनय शंकर पांडेय ने शनिवार को ऋषिकेश स्थित चारधाम यात्रा ट्रांजिट कैंप में समीक्षा बैठक की। बैठक में चारधाम यात्रा को सुगम, सुरक्षित और सुविधाजनक बनाने को लेकर संबंधित जिलों के जिलाधिकारी, वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और विभागीय अफसर मौजूद रहे। सभी जरूरी व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए गए।
पिछले अनुभवों से सीख, नई कार्ययोजना
चारधाम यात्रा 2026 की इस पहली समीक्षा बैठक में बीते साल सामने आई दिक्कतों और अनुभवों पर विस्तार से चर्चा हुई। केदारनाथ, बद्रीनाथ, गंगोत्री, यमुनोत्री और हेमकुंड साहिब यात्रा को बेहतर ढंग से संचालित करने के लिए ठोस योजना बनाई गई। आयुक्त ने बताया कि पिछले सीजन में 50 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने यात्रा की थी और इस बार सुविधाएं और बेहतर की जाएंगी।
काम समय पर पूरे करने के निर्देश
गढ़वाल आयुक्त ने यात्रा मार्ग से जुड़े सभी जिलों को निर्देश दिए कि जरूरी कार्यों की जांच कर एक सप्ताह के भीतर टेंडर प्रक्रिया पूरी की जाए और फास्ट ट्रैक मोड में काम शुरू हो। जिलों की मांग के अनुसार बजट जल्द उपलब्ध कराने का भी भरोसा दिया गया।
सड़कों से मलवा हटाने पर जोर
पिछले साल भारी बारिश के कारण कई स्थानों पर सड़कों पर मलवा जमा हो गया था। इसको देखते हुए एनएच, लोक निर्माण विभाग और बीआरओ को निर्देश दिए गए कि एक माह के भीतर प्राथमिकता के आधार पर मलवा हटाकर सड़कों को पूरी तरह चालू किया जाए।
मंदिर परिसरों में मोबाइल और कैमरे पर प्रतिबंध
आयुक्त ने स्पष्ट किया कि चारधाम यात्रा एक पवित्र धार्मिक यात्रा है। पिछले सीजन में मंदिर परिसरों में मोबाइल और कैमरे के कारण दर्शन व्यवस्था में परेशानी आई थी। इसी को देखते हुए इस वर्ष से चारों धामों के मंदिर परिसरों में मोबाइल फोन और कैमरा पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे। बीकेटीसी को श्रद्धालुओं के मोबाइल और कैमरे सुरक्षित रखने की अलग व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए गए।
यात्रा मार्गों पर हर सुविधा रहेगी तैयार
यात्रा शुरू होने से पहले चारों धामों और मार्गों पर पेयजल, चिकित्सा, परिवहन, पुलिस, सफाई, बिजली, दूरसंचार, हेली सेवा और आपदा नियंत्रण कक्ष 24 घंटे सक्रिय रखने के निर्देश दिए गए। बैठक में हरिद्वार, देहरादून, टिहरी, पौड़ी, रुद्रप्रयाग और चमोली जिलों की व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की गई। इस बैठक में आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप, जिलाधिकारी पौड़ी स्वाति एस. भदौरिया, जिलाधिकारी हरिद्वार मयूर दीक्षित, जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल निकिता खण्डेलवाल, जिलाधिकारी उत्तरकाशी प्रशांत आर्या, जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग प्रतीक जैन, जिलाधिकारी चमोली गौरव कुमार, मुख्य विकास अधिकारी देहरादून अभिनव शाह, एसएसपी हरिद्वार पी.एस. डोभाल, एसएसपी पौड़ी सर्वेश पंवार, एसपी टिहरी टी.आर. जोशी, एसपी चमोली सुरजीत सिंह पंवार, अपर आयुक्त उत्तम सिंह चौहान, एमडी जीएमवीएन विशाल मिश्रा सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।






