Lucknow CityNationalUttar Pradesh

यूपी के 13 जिलों के युवाओं के लिए बड़ा मौका… इस तारीख से शुरू होगी अग्निवीर भर्ती रैली, जानिए पूरा शेड्यूल

उत्तर प्रदेश के 13 जिलों के चयनित अभ्यर्थियों के लिए 6 से 20 फरवरी तक लखनऊ के एएमसी स्टेडियम में अग्निवीर भर्ती रैली होगी, जिसमें करीब 13 हजार युवा हिस्सा लेंगे

लखनऊ, 19 जनवरी 2026:

उत्तर प्रदेश के युवाओं के लिए बड़ी खबर है। लखनऊ में छावनी स्थित आर्मी मेडिकल कोर यानी एएमसी (AMC) स्टेडियम में 6 फरवरी से अग्निवीर भर्ती रैली का आयोजन किया जाएगा। यह भर्ती रैली 20 फरवरी तक चलेगी। इस दौरान प्रदेश के 13 जिलों के करीब 13 हजार अभ्यर्थी इसमें हिस्सा लेंगे। ये सभी अभ्यर्थी जुलाई 2023 में आयोजित लिखित परीक्षा में सफल घोषित किए गए हैं।

चार कैटेगरी में होगी भर्ती

मध्य कमान के जनसंपर्क अधिकारी शांतनु प्रताप सिंह ने बताया कि एएमसी स्टेडियम में अग्निवीर जनरल ड्यूटी, अग्निवीर टेक्निकल, अग्निवीर क्लर्क और स्टोर कीपर टेक्निकल, साथ ही अग्निवीर ट्रेड्समैन पदों के लिए भर्ती रैली आयोजित की जा रही है। सभी अभ्यर्थियों को रात दो बजे तक एएमसी सेंटर एवं कॉलेज स्टेडियम में रिपोर्ट करना अनिवार्य होगा।

उत्तर प्रदेश की छठी अग्निवीर रैली

यह भर्ती रैली उत्तर प्रदेश की छठी अग्निवीर भर्ती रैली होगी। आर्मी रिक्रूटिंग ऑफिस लखनऊ के अंतर्गत आने वाले 13 जिलों के शॉर्टलिस्ट किए गए अभ्यर्थियों को उनके रजिस्टर्ड ईमेल आईडी पर अलग अलग एडमिट कार्ड जारी किए गए हैं। अभ्यर्थियों को एडमिट कार्ड के साथ सभी जरूरी दस्तावेज लाने होंगे और किसी भी तरह के दलालों से दूर रहने की सलाह दी गई है।

इन जिलों के अभ्यर्थी होंगे शामिल

इस भर्ती रैली में औरैया, चित्रकूट, कन्नौज, बांदा, महोबा, हमीरपुर, बाराबंकी, गोंडा, कानपुर देहात, उन्नाव, कानपुर नगर, फतेहपुर और लखनऊ जिलों के अभ्यर्थी भाग लेंगे। सभी जिलों के लिए अलग अलग तिथियों पर भर्ती प्रक्रिया आयोजित की जाएगी, ताकि व्यवस्था सुचारु बनी रहे।

6 से 9 फरवरी तक ट्रेड्समैन और टेक्निकल भर्ती

6 फरवरी को सभी 13 जिलों की तहसीलों के लिए अग्निवीर ट्रेड्समैन (आठवीं और दसवीं पास) की भर्ती रैली होगी। 7 फरवरी को सभी जिलों के लिए अग्निवीर क्लर्क और स्टोर कीपर टेक्निकल की रैली आयोजित की जाएगी। 8 फरवरी को औरैया, कानपुर देहात, कन्नौज, चित्रकूट, उन्नाव, बांदा और लखनऊ की सभी तहसीलों के लिए अग्निवीर टेक्निकल भर्ती होगी। 9 फरवरी को बाराबंकी, गोंडा, हमीरपुर, कानपुर नगर, महोबा और फतेहपुर की तहसीलों के लिए टेक्निकल भर्ती रैली होगी।

10 से 16 फरवरी तक जनरल ड्यूटी की रैली

10 फरवरी को कानपुर नगर जिले की कानपुर, घाटमपुर, नरवल और बिल्हौर तहसीलों के लिए अग्निवीर जनरल ड्यूटी भर्ती होगी। 11 फरवरी को फतेहपुर जिले की बिंदकी, फतेहपुर और खागा तहसील तथा लखनऊ की मलिहाबाद, बीकेटी, लखनऊ, मोहनलालगंज और सरोजिनीनगर तहसीलों के लिए रैली होगी। 12 फरवरी को चित्रकूट जिले की कर्वी, मऊ, मानिकपुर और राजापुर तथा कानपुर देहात की रसूलाबाद, डेरापुर, अकबरपुर, सिकंदरा, मैथा और भोगनीपुर तहसीलों के लिए भर्ती होगी।

अंतिम चरण में इन जिलों की भर्ती

13 फरवरी को हमीरपुर जिले की हमीरपुर, राठ, सेरीला और मौदहा तथा उन्नाव जिले की सफीपुर, हसनगंज, उन्नाव, पुरवा, बीघापुर और बांगरमऊ तहसीलों के लिए भर्ती रैली होगी। 14 फरवरी को गोंडा जिले की गोंडा, तरबगंज, मनकापुर और कर्नलगंज तथा बांदा जिले की बांदा, बबेरू, अतर्रा, नरैनी और पैलानी तहसीलों के लिए रैली आयोजित की जाएगी। 15 फरवरी को कन्नौज जिले की छिबरामऊ, कन्नौज, तिर्वा और हसेरन तथा महोबा जिले की कुलपहाड़, चरखारी और महोबा तहसीलों के लिए भर्ती होगी। 16 फरवरी को औरैया जिले की बिधूना, औरैया और अजीतमाल तथा बाराबंकी जिले की फतेहपुर, रामनगर, नवाबगंज, सिरसाउली, गौसपुर, रामसनेहीघाट और हैदरगढ़ तहसीलों के लिए अग्निवीर जनरल ड्यूटी रैली होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button