राजकिशोर तिवारी
देहरादून, 19 जनवरी 2026:
उत्तराखंड सरकार में महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने आज सचिवालय में बैठक करके विभाग की सभी प्रमुख योजनाओं की समीक्षा की। बैठक के बाद मंत्री ने बताया कि नंदा गौरा योजना और पहली बार शुरू की गई एकल महिला स्वरोजगार योजना के लाभार्थियों को फरवरी के पहले सप्ताह में धनराशि वितरित की जाएगी।
नंदा गौरा योजना के लाभार्थियों को मिलेगी राशि
कैबिनेट मंत्री ने बताया कि नंदा गौरा योजना के तहत अब तक प्रदेश के 11 जनपदों के लाभार्थियों की अंतिम सूची तैयार कर ली गई है। इसमें 34,852 इंटरमीडिएट उत्तीर्ण छात्राएं और 6,021 नवजात बालिकाएं शामिल हैं। इन सभी को फरवरी के पहले सप्ताह में आयोजित कार्यक्रम के माध्यम से सहायता राशि दी जाएगी। साथ ही शेष दो जनपदों की सूची भी जल्द तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं।

एकल महिला स्वरोजगार योजना में 504 महिलाओं का चयन
रेखा आर्या ने कहा कि एकल महिला स्वरोजगार योजना के तहत अब तक 504 पात्र महिलाओं की सूची को अंतिम रूप दिया जा चुका है। इन सभी महिलाओं को भी फरवरी के पहले सप्ताह में आर्थिक सहायता दी जाएगी। इसके अलावा दो जनपदों की 331 पात्र महिलाओं की सूची पर काम चल रहा है, जिसे शीघ्र पूरा किया जाएगा।
आंगनबाडी कार्यकत्रियों को मिलेगी बढाई गई सहायता
बैठक में यह भी बताया गया कि आंगनबाडी कल्याण कोष के तहत सेवा निवृत्त होने वाली आंगनबाडी कार्यकत्रियों को एक अप्रैल से एक लाख रुपये की सहायता राशि दी जाएगी। मंत्री ने संकेत दिए कि अगले वित्तीय वर्ष में इस राशि को और बढाने की तैयारी भी की जा रही है।
वृद्ध महिलाओं के लिए बनेगी नई योजना
कैबिनेट मंत्री ने बताया कि प्रदेश की वृद्ध महिलाओं को आर्थिक, सामाजिक, चिकित्सीय और भावनात्मक सहारा देने के लिए एक नई योजना पर काम शुरू किया गया है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि गांव-गांव जाकर वृद्ध महिलाओं का सर्वे किया जाए और उनकी राय के आधार पर ही योजना का स्वरूप तय किया जाए। बैठक में विभागीय सचिव चंद्रेश कुमार, निदेशक बंसीलाल राणा, उपनिदेशक विक्रम सिंह, मोहित चौधरी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।






