
राजकिशोर तिवारी
देहरादून, 25 सितंबर 2026ः
उत्तराखंड के श्रीनगर के ऐतिहासिक जीएनटीआई स्टेडियम (GNTI Stadium) को आगामी जनवरी तक आधुनिक सुविधाओं से लैस कर तैयार कर लिया जाएगा। ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना के तहत स्टेडियम के पुनर्निर्माण का कार्य तेजी से चल रहा है। शुक्रवार को कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने अपने शासकीय आवास से वर्चुअली श्रीनगर क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना के मुख्य परियोजना प्रबंधक से जीएनटीआई स्टेडियम के पुनर्निर्माण कार्य की प्रगति की जानकारी ली और आगामी जनवरी तक कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्टेडियम में आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएं।
आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा धारी देवी स्टेशन
समीक्षा में धारी देवी रेलवे स्टेशन को आधुनिक सुविधाओं से युक्त करने पर भी जोर दिया गया। धन सिंह रावत ने रेलवे अधिकारियों को स्टेशन परिसर में बहुउद्देशीय पार्किंग स्थल और आधुनिक पार्क विकसित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में बढ़ती जरूरतों को देखते हुए यात्रियों एवं स्थानीय लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जानी चाहिए।
योजनाओं के प्रस्ताव शीघ्र शासन को भेजे जाएं
श्रीकोट-स्वीत व डुंगरीपंथ क्षेत्र के विकास के लिए लगभग तीन करोड़ रुपये की विकास योजनाओं को स्वीकृति प्रदान की गई। डॉ. रावत ने संबंधित विभागीय अधिकारियों एवं स्थानीय प्रशासन को प्राथमिकता के आधार पर योजनाओं के प्रस्ताव शीघ्र शासन को भेजने को कहा। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि विकास योजनाओं के प्रस्ताव भेजने में किसी भी प्रकार की देरी न हो। समय पर प्रस्ताव उपलब्ध नहीं कराने वाले अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
सीडीएस जनरल विपिन रावत स्टेडियम में मॉडल पार्किंग
श्रीकोट स्थित सीडीएस जनरल विपिन रावत स्टेडियम में मॉडल पार्किंग विकसित करने के भी निर्देश दिए गए। डॉ. रावत ने कहा कि स्टेडियम में आने वाले लोगों को बेहतर पार्किंग सुविधा उपलब्ध कराने के लिए आधुनिक व्यवस्था विकसित की जाएगी। साथ ही श्रीनगर स्थित उद्यान विभाग के बगीचे और रिवर फ्रंट के सौंदर्यीकरण को लेकर भी जिला प्रशासन व संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। वर्चुअली समीक्षा में कमिश्नर गढ़वाल मंडल आनंद स्वरूप, डीएम पौड़ी स्वाती भदौरिया, ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना के मुख्य परियोजना प्रबंधक हिमांशु बडोनी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।






