
देहरादून, 10 जुलाई 2026:
उत्तराखंड में Special Intensive Revision (SIR) के अगले चरण की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ बीवीआरसी पुरुषोत्तम ने शुक्रवार को कुमाऊं और गढ़वाल मंडल के आयुक्तों समेत सभी जिलाधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंस कर अभियान की समीक्षा की। बैठक में साफ निर्देश दिए गए कि ड्राफ्ट वोटर लिस्ट जारी होने के बाद दावे-आपत्तियों की प्रक्रिया के दौरान किसी भी मतदाता को बेवजह परेशानी नहीं होनी चाहिए।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि मानसून के दौरान पहाड़ी जिलों में सड़कें बंद होने या आवाजाही प्रभावित होने की संभावना रहती है। इसे देखते हुए पहले से पूरी तैयारी की जाए, ताकि नोटिस का जवाब देने और दावे-आपत्तियों की सुनवाई के लिए आने वाले मतदाताओं को किसी तरह की दिक्कत का सामना न करना पड़े।
उन्होंने निर्देश दिए कि जिन स्थानों पर ERO और AERO सुनवाई करेंगे वहां बिजली, पेयजल, इंटरनेट कनेक्टिविटी, स्कैनर और फोटो कॉपी मशीन जैसी जरूरी सुविधाएं पहले से उपलब्ध रहें। अधिकारियों से कहा गया कि सुनवाई वाले केंद्रों पर व्यवस्थाओं में किसी तरह की कमी नहीं रहनी चाहिए।
पहाड़ी इलाकों में मतदाताओं की सुविधा के लिए न्याय पंचायत स्तर पर क्लस्टर बनाकर Special Camp लगाए जाएंगे। इसके लिए पहले से रोस्टर तैयार करने को कहा गया है। वहीं मैदानी जिलों में तहसील के साथ नगर निगम, नगर पंचायत और वार्ड स्तर पर भी कैंप लगाए जाएंगे, ताकि लोगों को दूर तक सफर न करना पड़े।
बैठक में दस्तावेजों के सत्यापन को लेकर भी अहम निर्देश दिए गए। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि ERO और AERO की मदद के लिए शिक्षा, राजस्व, तहसील समेत संबंधित विभागों के नोडल अधिकारी नामित किए जाएं, जिससे दस्तावेजों का Verification समय पर हो सके और मामलों का निस्तारण बिना देरी के किया जा सके।

उन्होंने बताया कि प्रदेश में फिलहाल 70 ERO और करीब 800 AERO तैनात किए गए हैं। जिन जिलों में AERO की संख्या बढ़ाने की जरूरत है, वहां से प्रस्ताव शनिवार तक मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय भेजने के निर्देश दिए गए हैं।
बैठक में यह भी तय किया गया कि 14 जुलाई से दोनों मंडलों के मंडलायुक्त जिलों का फील्ड दौरा करेंगे। इस दौरान Special Intensive Revision की तैयारियों, सुनवाई केंद्रों और अन्य व्यवस्थाओं का मौके पर निरीक्षण किया जाएगा।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों और ERO को निर्देश दिए कि ड्राफ्ट वोटर लिस्ट प्रकाशित होने से पहले जिला और विधानसभा स्तर पर राजनीतिक दलों के साथ बैठक की जाए। बैठक में उन्हें ड्राफ्ट मतदाता सूची उपलब्ध कराई जाए, ताकि आगे की प्रक्रिया तय समय पर पूरी हो सके।
बैठक में कुमाऊं मंडल के आयुक्त दीपक रावत, गढ़वाल मंडल के आयुक्त आनंद स्वरुप, अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ विजय कुमार जोगदंडे, संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रकाश चंद्र दुम्का, उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी किशन सिंह नेगी, सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तू दास और सभी जिलों के जिलाधिकारी मौजूद रहे।






