पीएम स्वनिधि योजना: एलएमसी ने लाभार्थियों को सौंपे ऋण प्रमाण पत्र…सभी जोन में हुए आयोजन
कार्यक्रम से वर्चुअली जुड़े रहे पीएम ने दिया संदेश, क्रेडिट कार्ड आवेदन भी लिए गए, महापौर व नगर आयुक्त रहे मौजूद
लखनऊ, 23 जनवरी 2026:
लखनऊ नगर निगम (एलएमसी) के राजकुमार कमेटी हॉल में शुक्रवार को पीएम स्वनिधि योजना के तहत क्रेडिट कार्ड आवेदन और लंबित ऋण के वितरण के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में महापौर सुषमा खर्कवाल ने लाभार्थियों को स्वीकृत ऋण के वितरण प्रमाण पत्र सौंपे।
कार्यक्रम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी वर्चुअल रूप से कार्यक्रम में शामिल हुए और अपने संदेश के जरिए लाभार्थियों का हौसला बढ़ाया। स्थानीय जनप्रतिनिधि और स्टेक होल्डर वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम से जुड़े।
नगर आयुक्त गौरव कुमार ने कहा कि पीएम स्वनिधि योजना के तहत ऋण वितरण से लाभार्थियों को आत्मनिर्भर बनने में मदद मिलेगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि नगर निगम की ओर से जरूरी सुविधाएं और सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि लोग अपना कामकाज बेहतर तरीके से आगे बढ़ा सकें।
महापौर सुषमा खर्कवाल ने कहा कि इस योजना के तहत ऋण मिलने से लाभार्थियों को नए मौके मिलेंगे। उन्होंने कहा कि नगर निगम की ओर से हर संभव मदद दी जाएगी, ताकि छोटे कारोबारियों और रेहड़ी-पटरी वालों का रोजगार मजबूत हो सके। नगर निगम के अनुसार, इसी क्रम में नगर निगम लखनऊ के अंतर्गत सभी जोनों में भी इसी तरह के कार्यक्रम आयोजित किए गए।
कार्यक्रम में पार्षद दल के उप नेता सुशील कुमार तिवारी (पम्मी), पूर्व पार्षद पंकज पटेल, अपर नगर आयुक्त पंकज श्रीवास्तव, जोनल अधिकारी ओम प्रकाश समेत डूडा के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।






