Lucknow City

घर बैठे भरें हाउस टैक्स, ब्याज होगा जीरो! 15 अगस्त से शुरू होगी नगर निगम की ऑनलाइन OTS योजना

लखनऊ में 15 दिसंबर तक मिलेगा एकमुश्त समाधान का लाभ, करीब 2.5 लाख भवनस्वामियों को राहत, ऑनलाइन बिल खुद बनेगा, 15 दिन में निपटेंगी टैक्स संबंधी आपत्तियां

लखनऊ, 1 अगस्त 2026:

यूपी की राजधानी लखनऊ के लाखों भवनस्वामियों के लिए राहत भरी खबर है। अब गृहकर (हाउस टैक्स) के बकाये पर लगने वाले भारी-भरकम ब्याज से छुटकारा पाने के लिए नगर निगम के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। 15 अगस्त से शुरू होने वाली एकमुश्त समाधान योजना (ओटीएस) के तहत भवनस्वामी घर बैठे ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे और बिना ब्याज वाला बिल स्वतः तैयार होकर स्क्रीन पर आ जाएगा। इसके बाद उसी पोर्टल पर ऑनलाइन भुगतान भी किया जा सकेगा। यह योजना 15 दिसंबर 2026 तक लागू रहेगी।

नगर निगम के सभी आठों जोन में विशेष काउंटर भी लगेंगे

नगर निगम गृहकर सॉफ्टवेयर में इसके लिए विशेष ऑनलाइन मॉड्यूल तैयार कराया जा रहा है। इसे एनआईसी विकसित कर रहा है। इस व्यवस्था का सबसे बड़ा फायदा यह होगा कि करदाताओं को बिल संशोधन या ब्याज माफी के लिए कर्मचारियों या अधिकारियों के पास जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। जिन लोगों के लिए ऑनलाइन सुविधा का उपयोग करना संभव नहीं होगा, उनके लिए नगर निगम के सभी आठों जोन में विशेष काउंटर भी संचालित किए जाएंगे।

ये भी पढ़ें:

छूट आवासीय के साथ व्यावसायिक संपत्तियों पर भी लागू होगी

योजना के तहत अप्रैल 2026 तक के बकाया गृहकर पर लगाया गया पूरा ब्याज माफ कर दिया जाएगा। यह छूट आवासीय और व्यावसायिक दोनों तरह की संपत्तियों पर समान रूप से लागू होगी। नगर निगम के अनुसार करीब ढाई लाख भवनस्वामी इस योजना के दायरे में आएंगे। इनमें जोन-6 में सबसे अधिक 62,511 और जोन-3 में 41,740 भवनस्वामी ओटीएस का लाभ उठा सकेंगे।

करदाताओं की शिकायतों का भी होगा समाधान

नगर निगम ने योजना के साथ करदाताओं की शिकायतों के समाधान की भी व्यवस्था की है। यदि किसी भवनस्वामी के गृहकर बिल में कोई त्रुटि या आपत्ति है तो वह संबंधित जोन कार्यालय में आवेदन दे सकेगा। शासनादेश के अनुसार ऐसी शिकायतों का निस्तारण अधिकतम 15 दिनों के भीतर करना होगा। इसके लिए 15 अगस्त से हर जोन में अलग हेल्पडेस्क भी स्थापित की जाएगी।

बकाया गृहकर पर लगता है 15 प्रतिशत वार्षिक ब्याज

दरअसल, नगर निगम बकाया गृहकर पर 15 प्रतिशत वार्षिक ब्याज वसूलता है। यदि करदाता लगातार टैक्स जमा नहीं करता तो ब्याज मूल कर में जोड़ दिया जाता है और अगले वर्ष उसी पर फिर 15 प्रतिशत ब्याज लग जाता है। इस चक्रवृद्धि व्यवस्था के कारण कई लोगों का बकाया काफी बढ़ जाता है। ओटीएस योजना ऐसे करदाताओं को बड़ी राहत देगी।

वेबसाइट Imc.up.nic.in पर जाकर करें लॉगिन

ऑनलाइन सुविधा का लाभ लेने के लिए भवनस्वामी नगर निगम की वेबसाइट Imc.up.nic.in पर जाकर हाउस आईडी और पासवर्ड के माध्यम से लॉगिन करेंगे। पहली बार उपयोग करने वाले लोगों को पहले अपना यूजर आईडी और पासवर्ड बनाना होगा। इसके बाद ओटीएस लिंक पर जाकर ब्याजमुक्त बिल देख सकेंगे और वहीं से भुगतान भी कर पाएंगे। नगर निगम का कहना है कि शासनादेश के अनुरूप ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से करदाताओं को अधिकतम सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।

ये भी पढ़ें  नव निर्माण के 9 वर्ष : CM योगी बोले... डबल इंजन की रफ्तार से बदला यूपी का चेहरा

Rakesh Kumar Verma

राकेश कुमार वर्मा एक वरिष्ठ पत्रकार हैं। इन्हें मीडिया जगत में लगभग 31 वर्षों का व्यापक और समृद्ध अनुभव है। इन्होंने प्रिंट और डिजिटल दोनों ही माध्यमों में कार्य करते हुए अपनी मजबूत और प्रभावशाली उपस्थिति दर्ज कराई है। यूपी की राजधानी लखनऊ में स्वतंत्र भारत, राष्ट्रीय सहारा, जनसत्ता एक्सप्रेस,… More »

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button