Business

शेयर मार्केट हुआ धड़ाम… चांदी की कीमतें छप्परफाड़, जानिए क्या है बाजार का माहौल

जहां शेयर बाजार में आज गिरावट आई वहीं सोना और चांदी में जोरदार तेजी देखी गई, MCX पर चांदी आज पहली बार 4 लाख रुपये प्रति किलो के पार पहुंच गई

बिजनेस डेस्क, 29 जनवरी 2026:

भारतीय शेयर बाजार में आज गिरावट देखने को मिली। सेंसेक्स करीब 500 अंक टूटकर 81,850 के स्तर पर कारोबार करता नजर आया। वहीं निफ्टी में भी करीब 150 अंक की गिरावट रही और यह 25,200 के आसपास ट्रेड करता दिखा। बाजार में आज ऑटो, एफएमसीजी और आईटी सेक्टर के शेयरों पर दबाव बना रहा। जहां एकतरफ शेयर बाजार में कमजोरी रही, वहीं चांदी की कीमतों में जोरदार तेजी देखने को मिली।

सोना-चांदी में जबरदस्त उछाल

आज मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज ऑफ इंडिया लिमिटेड (एमसीएक्स) पर मार्च डिलीवरी वाली चांदी की कीमत 17 हजार रुपये प्रति किलो से ज्यादा बढ़ी और यह 4 लाख रुपये प्रति किलो के पार निकल गई। इसी तरह फरवरी डिलीवरी वाला सोना भी 11 हजार रुपये से ज्यादा चढ़कर 1.77 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के ऊपर पहुंच गया।

WhatsApp Image 2026-01-29 at 12.26.53 PM

कीमतों ने छुआ अब तक का सबसे ऊंचा स्तर

आज सुबह करीब 9:40 बजे एमसीएक्स पर चांदी 18,479 रुपये की तेजी के साथ 4,03,845 रुपये प्रति किलो पर कारोबार कर रही थी। वहीं सोना भी 12,105 रुपये उछलकर 1,78,020 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर पहुंच गया। इस तेजी के साथ सोना और चांदी दोनों ही अपने अब तक के सबसे ऊंचे स्तर पर पहुंच गए हैं। यह पहला मौका है जब चांदी 4 लाख रुपये प्रति किलो के पार गई है।

तेजी के पीछे ये बड़ी वजहें

विशेषज्ञों के अनुसार भू राजनीतिक तनाव के चलते सुरक्षित निवेश की मांग लगातार बढ़ रही है, जिसका सीधा असर सोने और चांदी की कीमतों पर दिख रहा है। इसके अलावा अमेरिकी फेडरल रिजर्व द्वारा ब्याज दरों को फिलहाल स्थिर रखने और आगे दरें बढ़ाने की कम संभावना के संकेतों से भी निवेशकों का रुझान कीमती धातुओं की ओर बढ़ा है।

ग्लोबल बाजार और पिछला कारोबार

वहीं एशियाई शेयर बाजारों की बात करें तो कोरिया का कोस्पी 0.79 प्रतिशत बढ़कर 5,210 पर और जापान का निक्केई 0.17 प्रतिशत चढ़कर 53,448 पर कारोबार कर रहा है। हॉन्गकॉन्ग का हैंगसेंग 0.54 प्रतिशत बढ़कर 27,976 पर रहा, जबकि चीन का शंघाई कंपोजिट 4,147 पर लगभग सपाट कारोबार करता दिखा। बीते कल यानी बुधवार को भारतीय शेयर बाजार में तेजी रही थी, जब सेंसेक्स 487 अंक चढ़कर 82,344 और निफ्टी 167 अंक बढ़कर 25,342 पर बंद हुआ था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button