Uttarakhand

घर से बुलाकर युवती को बाजार में चापड़ से काट डाला…पीछा कर धमकाने की पुलिस से की थी शिकायत

शहर के मच्छी बाजार जैसे व्यस्त इलाके में दिनदहाड़े हुई हत्या की वारदात, तनाव फैला दुकानें बंद, दो दिन पहले शिकायत पर एक्शन न लेने वाले चौकी प्रभारी हुआ लाइन हाजिर, आरोपी गिरफ्तार

योगेंद्र मलिक

देहरादून, 2 फरवरी 2026:

शहर के व्यस्त मच्छी बाजार इलाका सोमवार को दिनदहाड़े हुई हत्या की घटना से दहल उठा। युवक ने पहले युवती को घर से बाहर बुलाया फिर चापड़ से हमला कर बेरहमी से हत्या कर दी। युवती ने दो दिन पहले ही पीछा कर धमकाने की शिकायत पुलिस से की थी। लापरवाही बरतने वाले चौकी प्रभारी को लाइन हाजिर कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

मृतका की पहचान गुंजन उर्फ गुन्नू श्रीवास्तव के रूप में हुई है। सोमवार सुबह आरोपित आकाश कुमार (27) चापड़ लेकर कोतवाली शहर क्षेत्र में रहने वाली युवती गुन्नू के घर पहुंचा और उसे बाहर बुलाया। उस समय पूरा बाजार खुला हुआ था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पहले वार में युवती ने हाथ आगे कर बचाव किया, जिससे उसकी उंगली कट गई। इसके बाद दूसरे वार में गले पर गहरा घाव लगा। गंभीर हालत में युवती को तत्काल दून अस्पताल ले जाया गया। दून अस्पताल में भर्ती युवती की हालत नाजुक बनी रही। कुछ ही देर बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

ये भी पढ़ें:

बाजार में अचानक हुई इस घटना से बाजार में हड़कंप मच गया। लोग दहशत में इधर-उधर भागने लगे, जबकि आक्रोशित भीड़ ने मौके पर हंगामा शुरू कर दिया। घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने आरोपित की गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। हालात बिगड़ते देख मच्छी बाजार और आसपास के इलाकों में दुकानें बंद कर दी गईं। सूचना पर एसपी सिटी प्रमोद कुमार मौके पर पहुंचे। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया।

Advertisement

शहर कोतवाली पुलिस ने आरोपित आकाश कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि वह एक बच्चे का पिता है और पिछले 3-4 दिनों से युवती का पीछा कर रहा था। मामले में लापरवाही बरतने पर खुदबुड़ा चौकी प्रभारी प्रद्युम्न नेगी को लाइन हाजिर कर दिया गया है। बताया गया कि मृतका गुंजन ने घटना से दो दिन पहले खुदबुड़ा चौकी में आरोपित के खिलाफ धमकी देने की लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बावजूद आरोपित खुलेआम घूमता रहा और हत्या को अंजाम दे दिया।

ये भी पढ़ें  "उत्तराखंड निकाय चुनाव 23 जनवरी को, आयोग ने जारी की अधिसूचना।"

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link