Unnao City

हादसों में खून से सनी सड़क : शादी से लौट रहे परिवार के चार सदस्यों की मौत…दो दोस्तों ने भी गंवाईं जान

सोहरामऊ थाना क्षेत्र में हाईवे पर पति-पत्नी और 2 बच्चों ने दम तोड़ा, ट्रक ने बाइक को टक्कर मारी ठोकर, औरास में बाइक सवार दोस्तों को कार ने मारी ठोकर, दोनों की मौत

उन्नाव, 5 फरवरी 2026:

उन्नाव जिले में बीती रात सड़क हादसों में बीत गई। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुई सड़क दुर्घटना में एक परिवार के चार सदस्यों यानी पति-पत्नी और दो बच्चों ने दम तोड़ दिया। परिवार से सिर्फ एक बेटी बची है। वहीं बाइक सवार दो दोस्तों की कार की ठोकर में जान चली गई। परिवार शादी से लौट रहा था जबकि दोस्त भी एक तिलक समारोह में जा रहे थे।

पहला हादसा: शादी से लौट रहा परिवार ट्रक की चपेट में आया, दम्पति व दो बच्चों की जान गई

पहला हादसा बुधवार देर रात सोहरामऊ थाना क्षेत्र के नेशनल हाईवे पर हुआ। जिला मुख्यालय से करीब 40 किलोमीटर दूर अजगैन कोतवाली क्षेत्र के रहने वाले वीरेंद्र उम्र करीब 35 वर्ष अपने परिवार के साथ लखनऊ के बंथरा थाना क्षेत्र के दयालखेड़ा गांव में एक वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होकर लौट रहे थे।
वीरेंद्र बाइक चला रहे थे। उनके साथ पत्नी रीतू उम्र करीब 33 वर्ष, बेटी अनुराधा 9 वर्ष और बेटा रुद्र 6 वर्ष सवार थे।

WhatsApp Image 2026-02-05 at 11.11.10 AM

पीछे दूसरी बाइक पर उनकी बड़ी बेटी नैंसी उम्र 15 वर्ष, साढ़ू रंजीत के साथ चल रही थी। भल्ला फार्म तिराहे के पास वीरेंद्र ने पीछे आ रही बाइक को न देखकर अपनी बाइक रोक दी। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक ने आगे चल रहे कंटेनर में टक्कर मार दी। टक्कर के बाद कंटेनर पलट गया और ट्रक अनियंत्रित हो गया।

भागने के प्रयास में ट्रक ने खड़े बाइक सवार परिवार को अपनी चपेट में ले लिया। इस दर्दनाक हादसे में वीरेंद्र, उनकी पत्नी रीतू, बेटी अनुराधा और बेटे रुद्र की मौके पर ही मौत हो गई। बड़ी बेटी नैंसी इस हादसे में सुरक्षित बच गई। परिवार में नैंसी व उसकी दो बहनें नैना व सुनैना बची हैं। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। मृतक वीरेंद्र खेती के साथ-साथ निजी नौकरी भी करते थे।

दूसरा हादसा: तिलक समारोह में जा रहे दो दोस्तों की गई जान

दूसरा हादसा औरास थाना क्षेत्र में हुआ। बेहटा मुजावर थाना क्षेत्र के रहने वाले दो युवक नैमिष निवासी पोपी खेड़ा और सचिन निवासी माहमद खेड़ा बाइक से सफीपुर क्षेत्र के ग्राम लुधौसी में तिलक समारोह में शामिल होने जा रहे थे।

जब दोनों युवक सिंधुर बॉर्डर के पास पहुंचे, तभी पीछे से किसी तेज रफ्तार वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद दोनों सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर औरास पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र औरास ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से टक्कर मारने वाले वाहन की तलाश कर रही है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों युवक हेलमेट नहीं पहने हुए थे, जिससे सिर में गंभीर चोट आई। इन दोनों हादसों ने जिले में शोक की लहर दौड़ा दी है। एक तरफ एक परिवार पूरी तरह उजड़ गया, तो दूसरी तरफ दो दोस्तों की जिंदगी तिलक की खुशियों तक नहीं पहुंच सकी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button