Sports

T20 World Cup : पहले मैच में हारने की कगार पर आकर जीता पाकिस्तान…नीदरलैंड ने अटका दी सांसें

फहीम अशरफ और शाहीन अफरीदी की जोड़ी ने दिलाई रोमांचक जीत, नीदरलैंड की टीम ने साबित किया, किसी को भी दे सकते हैं चैलेंज

स्पोर्ट्स डेस्क, 7 फरवरी 2026:

कोलंबो के सिंहली स्पोर्ट्स क्लब मैदान पर टी20 विश्वकप 2026 का आगाज बेहद रोमांचक मुकाबले से हुआ। पहले ही मैच में पाकिस्तान की टीम उलटफेर का शिकार होते-होते बच गई। ग्रुप-ए के मुकाबले में पाकिस्तान ने नीदरलैंड को तीन विकेट से हराया, लेकिन ये जीत बिल्कुल आसान नहीं रही।

नीदरलैंड की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 19.5 ओवर में 147 रन बनाए। एक समय नीदरलैंड का स्कोर तीन विकेट पर 105 रन था और टीम मजबूत स्थिति में दिख रही थी, लेकिन इसके बाद लगातार विकेट गिरते चले गए और पूरी टीम सिमट गई।

नीदरलैंड की ओर से स्कॉट एडवर्ड्स ने 37 रन और साहिबजादा फरहान ने पाकिस्तान के लिए सबसे ज्यादा 47 रन की पारी खेली। गेंदबाजी में पाकिस्तान की तरफ से अबरार अहमद और मोहम्मद नवाज ने अहम विकेट निकाले।

नीदरलैंड के 148 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए पाकिस्तान की हालत एक समय खराब नजर आ रही थी। 18 ओवर में टीम सात विकेट खोकर 119 रन ही बना सकी थी और आखिरी दो ओवर में 29 रन चाहिए थे। यहीं से मैच ने करवट ली।

19वां ओवर पाकिस्तान के लिए टर्निंग पॉइंट साबित हुआ। लोगन वान बीक के इस ओवर में फहीम अशरफ और शाहीन अफरीदी ने 24 रन बटोर लिए। इस ओवर में फहीम का एक आसान कैच भी छूटा, जिसका उन्होंने पूरा फायदा उठाया। इसके बाद आखिरी ओवर में जरूरी रन बनाकर पाकिस्तान ने 19.3 ओवर में मुकाबला अपने नाम कर लिया।

फहीम अशरफ ने 11 गेंदों पर 29 रन की तेज पारी खेली, जिसमें दो चौके और तीन छक्के शामिल रहे। शाहीन अफरीदी पांच रन बनाकर नाबाद लौटे। दोनों ने मिलकर 20 गेंदों में 34 रन की नाबाद साझेदारी कर पाकिस्तान को जीत दिलाई।

इससे पहले मैच भले ही पाकिस्तान ने जीत लिया, लेकिन नीदरलैंड ने अपने खेल से साफ कर दिया कि इस विश्वकप में वह किसी भी टीम के लिए मुश्किल खड़ी कर सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button