Sports

IPL 2026 – GT vs MI : तिलक के तूफान में उड़ी गुजरात…मुंबई की 99 रन से दमदार जीत

चार हार के बाद मुंबई की वापसी, अश्विनी कुमार की घातक गेंदबाजी से गुजरात 100 पर सिमटी अहमदाबाद में तिलक वर्मा का पहला शतक, टीम को दिलाई बड़ी जीत और अंक तालिका में उछाल

स्पोर्ट्स डेस्क, 21 अप्रैल 2026:

आईपीएल 2026 में मुंबई इंडियंस ने गुजरात टाइटंस को 99 रन से हराकर जोरदार वापसी की। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए मुंबई ने 20 ओवर में 5 विकेट पर 199 रन बनाए। जवाब में गुजरात की पूरी टीम 15.5 ओवर में सिर्फ 100 रन पर सिमट गई।

मुंबई की इस सीजन में यह दूसरी जीत है, जबकि लगातार चार हार के बाद टीम ने लय पकड़ी है। इस जीत के साथ मुंबई ने अंक तालिका में छलांग लगाकर सातवां स्थान हासिल कर लिया है। मुंबई की शुरुआत अच्छी नहीं रही। पावरप्ले में ही टीम ने तीन विकेट गंवा दिए।

क्विंटन डिकॉक, दानिश मालेवर और सूर्यकुमार यादव जल्दी पवेलियन लौट गए। इसके बाद तिलक वर्मा ने पारी को संभाला। पहले नमन धीर के साथ 52 रन की साझेदारी की, फिर हार्दिक पांड्या के साथ 81 रन जोड़कर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया।

तिलक वर्मा ने 45 गेंदों पर नाबाद 101 रन बनाए। शुरुआत में वह धीमे दिखे, लेकिन बाद में तेजी से रन बटोरे और अपना पहला आईपीएल शतक पूरा किया। उन्होंने 22 गेंदों पर 19 रन बनाने के बाद अगले 23 गेंदों में 82 रन ठोक दिए।

गुजरात की तरफ से कगिसो रबाडा ने तीन विकेट लिए, जबकि सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा को एक-एक सफलता मिली। 199 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी गुजरात की शुरुआत बेहद खराब रही। पहली ही गेंद पर साई सुदर्शन आउट हो गए। इसके बाद जोस बटलर भी जल्दी चलते बने। वाशिंगटन सुंदर ने कुछ देर संघर्ष किया और 26 रन बनाए, लेकिन टीम लगातार विकेट खोती रही।

कप्तान शुभमन गिल 14 रन ही बना सके। शाहरुख खान ने 17 रन जोड़े, लेकिन बाकी बल्लेबाज टिक नहीं पाए और पूरी टीम 100 रन पर ढेर हो गई।
मुंबई की तरफ से अश्विनी कुमार ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 24 रन देकर चार विकेट झटके।

उनके अलावा गजनफर और मिचेल सेंटनर को दो-दो विकेट मिले, जबकि जसप्रीत बुमराह और हार्दिक पांड्या ने एक-एक विकेट लिया। यह जीत रन के अंतर से मुंबई की आईपीएल में चौथी सबसे बड़ी जीत है, जबकि गुजरात इस सीजन में दूसरी बार इतने कम स्कोर पर ऑलआउट हुई है।

READ MORE

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button