Lucknow City

नाले में कुर्सी डालकर धरना! लखनऊ के मौलवीगंज में जलभराव पर BJP पार्षद का अनोखा प्रदर्शन

नाला उफनाने से गलियों में जलभराव के कारण लोगों का आना-जाना हुआ मुश्किल, शिकायतों पर कार्रवाई श होने से नाराज पार्षद मुकेश सिंह मोंटी ने स्थानीय लोगों के साथ खोला नगर निगम के खिलाफ मोर्चा

लखनऊ, 8 फरवरी 2026:

यूपी की राजधानी लखनऊ के मौलवीगंज इलाके में सफाई और जलनिकासी की बदहाल व्यवस्था को लेकर रविवार को सियासी तापमान अचानक बढ़ गया। वार्ड के भाजपा पार्षद मुकेश सिंह मोंटी ने नगर निगम अधिकारियों की कथित लापरवाही के खिलाफ नाले में कुर्सियां डालकर स्थानीय लोगों के साथ धरना प्रदर्शन किया। इस अनोखे विरोध प्रदर्शन ने राहगीरों और आसपास के लोगों का ध्यान खींचा।

बताया जा रहा है कि नाला भर जाने से मोहल्ले में गंदा पानी फैल गया है। गलियों में जलभराव के कारण लोगों का आना-जाना मुश्किल हो रहा है। दुर्गंध और गंदगी से बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद नगर निगम की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

f93f391c-9c29-432b-b48f-e06269d947e8

प्रदर्शन के दौरान पार्षद मुकेश सिंह मोंटी ने नगर निगम जोन-2 के अधिकारियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

उन्होंने आरोप लगाया कि फोन करने के बाद भी उनकी बात नहीं सुनी गई। मुकेश का कहना है कि वार्ड के हजारों लोग इस समस्या से परेशान हैं और जब बार-बार शिकायतों पर कोई सुनवाई नहीं होती तो मजबूरन सड़क पर उतरना पड़ता है। स्थानीय लोगों ने भी पार्षद के साथ खड़े होकर नगर निगम से तत्काल सफाई और नाले की समुचित सफाई कराने की मांग की।

उनका कहना है कि जलभराव से बच्चों और बुजुर्गों को खासा दिक्कत हो रही है। गौरतलब है कि मुकेश सिंह मोंटी पहले भी वार्ड की समस्याओं को लेकर मुखर रहे हैं और नगर निगम सदन में कई बार अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठा चुके हैं। इस प्रदर्शन के बाद प्रशासन पर अब जल्द कार्रवाई का दबाव बढ़ गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button