Lucknow City

एक्शन मोड में CM योगी : आज पीलीभीत को देंगे 569 करोड़ की सौगात, मुरादाबाद में विकास पर मंथन

पीलीभीत में विकास परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास और पट्टा वितरण, मुरादाबाद में विकास, कानून व्यवस्था व पीडब्ल्यूडी कार्यों की समीक्षा के साथ जनसभा को करेंगे संबोधित

लखनऊ, 29 जून 2026:

यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ आज पीलीभीत और मुरादाबाद के महत्वपूर्ण दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे दोनों जनपदों में विकास परियोजनाओं को नई गति देने के साथ प्रशासनिक कार्यों की समीक्षा भी करेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री सबसे पहले पीलीभीत पहुंचेंगे। वहां बीसलपुर में आयोजित कार्यक्रम में वह पीलीभीत की बरखेड़ा और बीसलपुर विधानसभा क्षेत्रों की 569 करोड़ रुपये से अधिक लागत की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे।

इसके साथ ही सीएम लाभार्थियों को पट्टा वितरण भी करेंगे। मुख्यमंत्री इस अवसर पर आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए सरकार की विकास योजनाओं और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों पर अपने विचार रखेंगे।

इसके बाद मुख्यमंत्री मुरादाबाद पहुंचेंगे, जहां सर्किट हाउस में मुरादाबाद मंडल के लोक निर्माण विभाग के पुराने कार्यों की समीक्षा तथा नई परियोजनाओं की कार्ययोजना पर अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। वह मुरादाबाद जिले के विकास कार्यों और कानून-व्यवस्था की भी समीक्षा करेंगे।
दोपहर बाद मुख्यमंत्री मुरादाबाद सदर, मुरादाबाद देहात और कुन्दरकी विधानसभा क्षेत्रों के साथ नगर निगम मुरादाबाद एवं मुरादाबाद विकास प्राधिकरण की विभिन्न विकास परियोजनाओं के लोकार्पण एवं शिलान्यास कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस अवसर पर आयोजित जनसभा को भी संबोधित करेंगे।

मुरादाबाद में दानवीर भामाशाह जयंती एवं व्यापारी कल्याण दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में भी मुख्यमंत्री की सहभागिता रहेगी। इसके अलावा वह गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय परिसर का निरीक्षण करेंगे। दिनभर के व्यस्त कार्यक्रमों के बाद मुख्यमंत्री मुरादाबाद सर्किट हाउस में रात्रि विश्राम करेंगे।

READ MORE

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button