Business

शेयर बाजार में भारी गिरावट, सोना-चांदी में उछाल : शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 700 अंक लुढ़का, निफ्टी भी फिसला

शेयर बाजार की कमजोरी के बीच रुपये पर भी दिखा दबाव, सुरक्षित निवेश के विकल्प माने जाने वाले सोना-चांदी में जोरदार तेजी देखने को मिली

बिजनेस डेस्क, 13 फरवरी 2026:

हफ्ते के आखिरी कारोबारी दिन शुक्रवार को भारतीय शेयर बाजार की शुरुआत निवेशकों के लिए निराशाजनक रही। शुरुआती कारोबार में 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 699.56 अंक यानी 0.84 प्रतिशत गिरकर 82,975.36 के स्तर पर आ गया। वहीं 50 शेयरों वाला एनएसई निफ्टी 212.95 अंक (0.83 प्रतिशत) टूटकर 25,594.25 पर फिसल गया। इससे पहले गुरुवार को सेंसेक्स 558.72 अंक की गिरावट के साथ 83,674.92 पर बंद हुआ था। निफ्टी 146.65 अंक गिरकर 25,807.20 पर बंद हुआ था।

शेयर बाजार की कमजोरी के बीच रुपये पर भी दबाव दिखा। शुरुआती कारोबार में रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 8 पैसे गिरकर 90.69 पर आ गया। कमजोर वैश्विक संकेतों और निवेशकों की सतर्कता के चलते बाजार में बिकवाली का माहौल नजर आया। दूसरी तरफ सुरक्षित निवेश के विकल्प माने जाने वाले सोना-चांदी में जोरदार तेजी देखने को मिली।

घरेलू सर्राफा बाजार में चांदी की कीमत 3,580 रुपये उछलकर 2.41 लाख रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई। वहीं सोना 2,090 रुपये महंगा होकर 1.54 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। हालांकि, कमोडिटी एक्सचेंज एमसीएक्स पर शुरुआती कारोबार में सोना 6,074 रुपये टूटकर 1,52,681 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया, जबकि चांदी 26,518 रुपये फिसलकर 2,36,500 रुपये प्रति किलोग्राम पर ट्रेड करती दिखी।

ऑल इंडिया सर्राफा एसोसिएशन के मुताबिक गुरुवार को 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने का भाव 400 रुपये गिरकर 1,60,900 रुपये प्रति 10 ग्राम रहा था, जबकि चांदी 2,68,500 रुपये प्रति किलोग्राम पर स्थिर रही।
अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भी कीमती धातुओं में खरीदारी के संकेत मिले।

अमेरिकी कमोडिटी एक्सचेंज कॉमेक्स पर चांदी इंट्राडे में 77.045 डॉलर प्रति औंस तक पहुंच गई, जो 1.25 प्रतिशत से अधिक की तेजी दर्शाता है। वहीं कॉमेक्स गोल्ड करीब 5,000 डॉलर प्रति औंस के आसपास हरे निशान में ट्रेड करता दिखा। एशियाई बाजारों में भी सोना-चांदी में हल्की मजबूती दर्ज की गई, जिससे निवेशकों का रुझान सुरक्षित निवेश की ओर बढ़ता नजर आया।

ये भी पढ़ें  तेल की आग व विदेशी बिकवाली का असर... बाजार की चाल डगमगाई, सेंसेक्स-निफ्टी दबाव में

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button